HRTC: 40 महीने का लंबित नाइट ओवर टाइम तो मिल ही नहीं रहा था, अब तनख्वाह के भी लाले

By: Apr 10th, 2023 4:51 pm

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम में व्यवस्था नहीं बदली है। इस बार फिर से एचआरटीसी कर्मचारियों को वेतन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। महीने के 11 दिन बीत जाने के बावजूद भी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है, वहीं चालकों और परिचालकों को 40 महीने के नाइटओवर टाइम का भुगतान भी नहीं हो पाया है। समय पर वेतन न मिलने से एचआरटीसी कर्मचारी परेशान है। कर्मचारियों को आर्थिक रूप से परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।

अभी तक वेतन न आने से बच्चों की स्कूल फीस, लोन व इंश्योरेंस की किस्तों की अदायगी नहीं हो पाई है, वहीं पिछले 40 महीनों से एचआरटीसी प्रबंधन को नाइट ओवरटाइम का भुगतान नहीं हो पाया है। ऐसे में अब कर्मचारियों ने एचआरटीसी प्रबंधन व सरकार को अंतिम चेतावनी जारी कर दी है। एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन के प्रधान मान सिंह ठाकुर का कहना है कि एचआरटीसी प्रबंधन इसी अप्रैल महीने में ही 40 महीनों के नाइट ओवर टाइम की राशि का भुगतान करे, अगर इस महीने नाइट ओवर टाइम की राशि का भुगतान नहीं होता हैं तो फिर एचआरटीसी ड्राईवर एक मई से एडवांस पेमेंट पर ही नाइट ओवर टाइम करेंगे, वरना अगले महीने से नाइट ओवर टाइम नहीं किया जाएगा।

उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन से यह मांग भी उठाई है कि जल्द से जल्द एचआरटीसी कर्मचारियों को वेतन का भुगतान किया जाए। वहीं मई माह में एक मई से एचआरटीसी कर्मचारियों को वेतन मिल जाना चाहिए। अगर मई महीने की पहली तारीख से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलता है, तो फिर कर्मचारियों को अब परिवहन निगम व सरकार के खिलाफ सख्त कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App