त्रिलोकीनाथ मंदिर की सडक़ों को 19 करोड़ मंजूर

सांसद प्रतिभा सिंह ने त्रिलोकीनाथ-उदयपुर में दौरे के दौरान किया ऐलान

जिला संवाददाता-केलांग
सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कांग्रेस ने हमेशा जनजातीय क्षेत्रों के विकास व यहां के लोगों की समस्याओं को दूर करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने इन क्षेत्रों में आधरभूत ढांचा विकसित करते हुए लोगों को विशेष रियायतें दी। त्रिलोकीनाथ व उदयपुर में लोगों की समस्याओं व मांगों को सुनते हुए प्रतिभा सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को चरणबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि लाहुल-घाटी पर्यटन की दृष्टि से विकसित हो रही हैं। रोहतांग टनल बनने से यहां के लोगों को तो लाभ मिला ही है साथ ही इस क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिला हैं।

त्रिलोकीनाथ मंदिर को आने वाली सडक़ का तो इतना बुरा हाल है कि इसे शब्दों में बयां नही किया जा सकता। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने इस सडक़ के सुधार के लिए 19 करोड़ मंजूर कर दिए है और जल्द ही इस पर कार्य भी शुरू किया जाएगा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्हें इस बार सांसद के तौर पर दो साल से कम ही कार्यकाल मिला हैं। उन्होंने कहा कि अब चूंकि अगले साल लोकसभा चुनाव होने है इसलिए वह उम्मीद करती है कि कांग्रेस फिर से अपनी जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत के लिए भी लोगों का आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व प्रतिभा सिंह ने लाहुल-स्पीति का अपना दो दिवसीय दौरे में केलांग व उदयपुर उपमंडल जिस्पा, किरतलिंग, जालमा, थिरोट में लोगों की समस्याओं व उनकी मांगों पर सहानभूति पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि वह इस क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के लिए पूरी तरह बचनबद्ध हैं।