गीता मानवता की सच्ची पथ प्रदर्शक
करनाल के सेक्टर-12 के जागरण में बोले मुख्यमंत्री खट्टर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – चंडीगढ़
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि श्रीमद्भागवदगीता का एक वाक्य भी यदि हम अपने जीवन में उतार लें, तो हमारा जीवन धन्य हो सकता हंै। श्रीमद्भागवद गीता हमारे जीवन में परिवर्तन ला सकती है। गीता मानवता की सच्ची पथ प्रदर्शक है। गीता हमें कर्म का संदेश देती है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को करनाल के सेक्टर-12 में आयोजित राधा जागरण के अवसर पर बोल रहे थे। इस दौरान लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सर्वप्रथम स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज को उनके जन्मोत्सव पर बधाई दी और दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि यह भाव विभोर करने वाला क्षण है। इस संत समागम में भक्ति रस के साथ-साथ संतों का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद एक प्रकाश पुंज हैं, जो गीता के सार को जन-जन तक पहुंचाकर हम सभी का मार्गदर्शन कर रहे हैं। गीता रूपी सूर्य के प्रकाश से अज्ञान रूपी अंधकार नष्ट करने के लिए इससे उत्तम अध्ययन कोई नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वामी ज्ञानानंद के जन्मोत्सव के साथ-साथ हरियाणा की दो करोड़ 84 लाख जनसंख्या में से 15 मई को 94,558 लोगों का भी जन्मदिन है। उन्हें भी जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहा कि जब संत महापुरुषों का जन्मोत्सव होता है, तो हमें उस दिन संकल्प लेने की जरुरत होती हैए ताकि जीवन में प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकें। श्रीमद्भगवद्गीता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए हर वर्ग के लिए गीता सार महत्वपूर्ण है। सभी इसका अनुसरण कर जीवन को धन्य बना सकते हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि संत महापुरुष समाज सुधारक के रूप में काम करते हैं।