प्रदेश में फिर से ठंडक देने को तैयार अंबर, 12-13 जून को बारिश का यलो अलर्ट जारी

By: Jun 9th, 2023 10:07 pm

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

मौसम विभाग ने 12 व 13 जून को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इससे मौसम में फिर से ठंडक होगी। वहीं हिमाचल में दो दिन की धूप के बाद गर्मी का एहसास होने लगा है। जून में पहली बार राज्य के 12 शहरों का तापमान 30 डिग्री पार हुआ है। ऊना का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 36.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। सभी शहरों के तापमान में पांच डिग्री तक का उछाल आया है। वहीं शिमला का न्यूनतम तापमान भी जून में पहली बार नॉर्मल से एक डिग्री अधिक के उछाल के बाद 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। धर्मशाला का मिनिमम तापमान 18 डिग्री, केलोंग का 5.7 डिग्री और मनाली का 10.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। कल और परसों भी तापमान उछाल देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की मानें, तो अगले दो दिन मौसम साफ रहेगा, लेकिन 12 जून से फिर सक्रिय होगा। दूसरी ओर धूप खिलने के बाद मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है। इससे वीकएंड पर मनाली, शिमला, धर्मशाला, डलहौजी, नाकुफरी, कसौली इत्यादि पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की संख्या भी बढ़ेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App