संविधान से छेड़छाड़ कर रही केंद्र सरकार, CM हेमंत सोरेन से मुलाकात के दौरान बोले केजरीवाल

By: Jun 3rd, 2023 12:08 am

एजेंसियां—रांची

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सेरांची में मुलाकात करने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार संविधान से छेड़छाड़ कर रही है। दिल्ली सरकार को काम नहीं करने दे रही। सुप्रीम कोर्ट ने जो शक्तियां दिल्ली की चुनी हुई सरकार को दी थी, भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने वो सारी शक्तियां वापस लेने के लिए एक अध्यादेश पारित किया है। इस अध्यादेश को मानसून सत्र में संसद में पेश किया जाएगा। इस अध्यादेश को हराने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना होगा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोकसभा में भाजपा बहुमत में है, लेकिन राज्यसभा में अगर सभी विपक्षी दल एकजुट हो जाएं, तो इस अध्यादेश को हराया जा सकता है।

अरविंद केजरीवाल ने हेमंत सोरेन को अपना भाई बताते हुए कहा कि उनसे महत्वपूर्ण विषयों पर समय-समय पर चर्चा होती रहती है। अरविंद केजरीवाल ने केंद्र के अध्यादेश को दिल्ली के लोगों के साथ अन्याय बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जो किया वह दिल्ली की जनता का अपमान है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने दिल्ली के लोगों के जनतांत्रिक हक छीन लिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हमसे बहुत-सी शक्तियां छीन ली थी। 11 मई 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली की चुनी हुई सरकार को वो सारी शक्तियां लौटा दीं। लेकिन, 19 मई को रात के अंधेरे में एक अध्यादेश जारी करके मोदी सरकार नेसुप्रीम कोर्ट के आदेश को पलट दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App