विश्व के कल्याण के लिए सभी करें सात्विक प्रयास

By: Jun 2nd, 2023 12:56 am

सुंदरनगर में पहले दिन की कथा में संत शिरोमणि सदगुरु श्री सुधांशु महाराज ने बहाई ज्ञान की गंगा
स्टाफ रिपोर्टर- सुंदरनगर
संत शिरोमणि सदगुरू श्री सुधांशु महाराज ने सुंदर नगर के जवाहर पार्क में श्रद्धालुओं को अपने वचनों से निहाल किया। चार जून तक होने वाले भक्ति विराट सत्संग के पहले दिवस पर गीता का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि विश्व कल्याण के लिए सभी सात्विक प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी धरोहर गीता ही है। इसको पूरा संसार भी मानता है। इससे पूर्व विश्व जागृति मिशन के आयोजकों ने सुधांशु महाराज का जवाहर पार्क पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। स्वागत के समय पूरा मैदान वैदिक मंत्रों से गूंज उठा। आयोजन कमेटी के प्रधान प्यारे लाल गुप्ता ने बताया कि सुधांशु महाराज के आगमन से सुंदर नगर में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि 2 जून शुक्रवार को विश्व शांति सुख समृद्धि के लिए महाराज जी के आदेशानुसार दिल्ली से आए विद्वान लक्ष्मी वैभव का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए अलग यज्ञशाला बनाई गई है। इस संदर्भ में 3 दिन की प्रभात फेरी गोपाल मंदिर से बाजार से होते हुए हनुमान मंदिर पहुंची। विश्व जागृति मिशन द्वारा आयोजित किए जा रहे इस भक्ति सत्संग में हिमाचल प्रदेश के साथ ही पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपनी हाजिरी लगाएंगे।

यह कथा जवाहर पार्क में शाम 5 से 7 बजे तक संध्याकालीन सत्र का आयोजन होगा। इसके पश्चात 4 जून तक सुबह का सत्र 9 से 11 बजे तक और संध्याकालीन सत्र 5 से 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा। पहली जून को सुंदरनगर पहुंचने पर सुधांशु महाराज का पारंपरिक ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। पंडाल में लोगों को बिठाने और उनके लिए पेयजल की व्यवस्था घुमारवीं शाखा को सौंपी गई है। सुधांशु महाराज के इस भक्ति सत्संग के लिए प्रदेश के सांसद प्रतिभा सिंह और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को भी निमंत्रण दिया गया है। 4 जून को गुरुपूर्णिमा के अवसर पर सुबह के सत्र में सुधांशु महाराज द्वारा लोगों को गुरू महाराज के चरण पूूजन के बाद मंत्र दीक्षा भी दी जाएगी। सत्संग में भाग लेने के लिए समीपवर्ती क्षेत्रों के लोगों को लाने व ले जाने के लिए बसों का प्रबंध भी किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश संयोजक चमन लाल गुप्ता, मंडल के प्रधान प्यारे लाल गुप्ता, अनिल गुप्ता, रोशन लाल कपूर, धनी राम, पुरुषोत्तम दत्त मनकोटिया, जेपी गुप्ता व इंद्रजीत सैनी भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App