समर फेस्टिवल में हिमाचली कलाकार जमाएंगे रंग

By: Jun 7th, 2023 12:11 am

कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव धर्मशाला 15 से 18 जून तक, बेबी-फ्लॉवर शो का होगा आयोजन

नरेन कुमार- धर्मशाला
नेताजी सुभाष चंद्र बोस पुलिस मैदान धर्मशाला में चार दिवसीय कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव धर्मशाला समर फेस्टिवल 15 से 18 जून तक आयोजित किया जाएगा। ग्रीष्मोत्सव में बालीबुड के प्रसिद्ध पाश्र्व गायकों सहित पंजाबी पॉप सिंगर व हिमाचली लोकगायकों को आमंत्रित किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से अब तक कलाकारों की फेहरिस्त को फाईनल नहीं किया गया है। जल्द ही इस संबंध में बैठक कर कलाकारों को बुलाने पर भी विचार किया जाएगा। कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोउत्सव में प्रदेश एवं स्थानीय कलाकारों को अपनी कला के प्रदर्शन का विशेष अवसर दिया जाएगा। ग्रीष्मोत्सव में अंतरराष्ट्रीय स्तर के परफामर्स, उत्तरी क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र, विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दलों को बुलाने सहित स्थानीय सांस्कृकि दलों, स्कूलों की भागीदारी भी इसमें सुनिश्चित की जाएगी। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक प्रदर्शिनयां भी मेले का आकर्षण होंगी।

विकासात्मक प्रदर्शिनयों में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं को प्रचारित किया जाएगा। उत्सव में फ्लावर शो, बेबी शो व डॉग शो, सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। चार दिवसीय कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव को आकषर्क एवं यादगार बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों को कार्य समय पर पूरा करने को कहा है। जिससे कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव का आयोजन बेहतरीन ढंग से किया जा सके। वहीं, पर्यटन सीजन में हिमाचल की सांस्कृतिक झलक से पयटकों को भी रू-ब-रू करवाए जाने का प्रयास किया जाएगा। उधर, अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा सौरभ जस्सल ने बताया कि कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव का आयोजन 15 से 18 जून को पुलिस मैदान में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कलाकारों के संबंध में जल्द ही उपायुक्त की ओर से बैठक कर तैयारियों को फाइनल किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App