शहर से हटाई अवैध रेहडिय़ां, नो पार्किंग जोन में काटे चालान

सोलन में सडक़ पर रेहडी-फड़ी हटाने के लिए प्रशासन ने छेड़ी मुहिम, वेंडर मार्केट के आसपास अवैध पार्क की गाडिय़ों के काटे चालन

सौरभ शर्मा-सोलन
शहर के सडक़ किनारे अवैध रूप से पार्क किए वाहनों व रेहडिय़ों को हटाने के लिए प्रशासन ने मुहिम शुरू कर दी है। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा के निर्देशों के बाद डीएसपी भीष्म ठाकुर ने शुक्रवार को सपरून स्थित गुरुद्वारा साहिब और वेंडर मार्केट के आसपास लगाई गई अवैध रेहडिय़ों को हटाया व पार्क किए गए वाहनों के चालान काटे। प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां हडक़ंप मच गया, वहीं आम लोगों विशेषकर पैदल चलने वाले लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है। गौर रहे कि उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने गुरुवार को जिला मुख्यालय के पत्रकारों के साथ औपचारिक भेंट की थी। इस दौरान जहां उन्होंने सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मीडिया की भूमिका की सराहना की, वहीं शहर में लोगों की भलाई के लिए किए जाने वाले कार्यों और समस्याओं की पत्रकारों से जानकारी ली। इस मौके पर पत्रकारों ने उन्हें शहर की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया, जिसमें वाहनों की पार्किंग, अवैध रूप से लगी रेहडिय़ों, सेंट ल्यूक्स स्कूल के पास सुबह और दोपहर बाद लगने वाले जाम, सपरून बाइपास पर शौचालय न होना, शहर में पीने के पानी की समस्या, निजी वाहनों में स्कूली छात्रों को किराया लेकर ढोने और नशे के बढ़ते प्रचलन सहित कई अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई थी।

उपायुक्त ने भरोसा दिलाया था कि सभी समस्याओं का चरणबद्ध ढंग से हल किया जाएगा। उपायुक्त को मिले फीडबैक के बाद उन्होंने पुलिस को इस बारे में निर्देश दिए जिस पर शुक्रवार से ही अमल आरंभ हो गया। से अमल भी आरंभ हो गया। सुबह करीब 11 बजे डीएसपी भीष्म ठाकुर के नेतृत्व में यातायात पुलिस और सपरून चौकी पुलिस के जवान सपरून गुरुद्वारा साहिब के समीप पहुंचे और वहां पर लगी अवैध रेहडिय़ों को हटाना शुरू किया। इस बीच नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर पाया गया कि पैदल चलने वाले मार्ग पर लोगों ने अपनी कारें खड़ी की हुई हैं और भवन निर्माण सामग्री भी गिराई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई की लोगों ने प्रशंसा की है। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि शहर में अवैध रूप से खड़े वाहनों और रेहडिय़ों पर कार्रवाई आरंभ कर दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नियमों का पालन सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। (एचडीएम)