लोकसभा चुनाव तय करेगा, कौन लड़ेगा Drang से

By: Jun 3rd, 2023 12:14 am

समीक्षा बैठक में बोले पूर्व मंत्री कौल सिंह; पार्टी कार्यकर्ता करेंगे तय, बुलाया जाएगा विशाल सम्मेलन

स्टाफ रिपोर्टर-पद्धर
पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद ही वह तय करेंगे कि 2027 का विधानसभा चुनाव कौन लड़ेगा। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता अभी से लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जी जान से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि सभी पार्टी कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को रिकार्ड बढ़त दिलाने का संकल्प ले। उसके बाद द्रंग कांग्रेस कार्यकर्ताओंं का विशाल सम्मेलन बुलाया जाएगा। जिसमे 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव लडऩे और न लडऩे का फैसला लिया जाएगा। कौल सिंह ठाकुर ने यह बात शुक्रवार को द्रंग कांग्रेस पार्टी की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओंं ने फिर 2027 में कौल सिंह ठाकुर के विधानसभा चुनाव लडऩे का एकमात्र संदेश दिया। समीक्षा बैठक ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बामन देव ठाकुर की अध्यक्षता में सामुदायिक भवन पद्धर में हुई। जिसमें पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओंं ने विधानसभा चुनाव में हुई सीमित मतों की हार को लेकर अपने आप को जिम्मेवार ठहराते हुए फिर से कौल सिंह ठाकुर को अगला विधानसभा चुनाव लडऩे का संदेश दिया। कार्यकर्ताओंं ने इससे पहले 2024 के लोकसभा चुनाव में द्रंग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी को बढ़त दिलाने का भी संकल्प लिया।

वहीं कौल सिंह ठाकुर ने विधानसभा चुनाव में हुई हार की जिम्मेवारी स्वयं पर लेते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता हताश और निराश न हों। लोकसभव चुनाव की तैयारियों में अभी से जी जान से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के पक्ष में प्रचंड लहर थी। लेकिन अति उत्साह के कारण चुनाव के नजदीक आते कार्यकर्ता विपक्ष के हथकंडों को नही भांप पाए। जिस वजह से रातोंरात माहौल बदल गया और कम मतों के अंतर से चुनाव हार गए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी कार्यकर्ताओंं का सम्मेलन बुलाकर यह फैसला लिया जाएगा कि 2027 का चुनाव वह लड़ेंगे या किसी और को चुनाव लड़ाया जाएगा। इससे पहले हर पार्टी कार्यकर्ताओंं को लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में रिकार्ड मतों की बढ़त दिलाने का संकल्प लेना होगा। उसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओंं के जनरल हाउस में 2027 के चुनाव लडऩे का फैसला लिया जाएगा। चुनाव वह खुद लड़ेंगे या कोई उत्तराधिकारी। इस बात का फैसला पार्टी कार्यकर्ता तय करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App