भारत में होगी मिस वर्ल्ड 2023 प्रतियोगिता

By: Jun 8th, 2023 10:33 pm

27 साल बाद मेजबानी; ऑर्गेनाइजेशन की चेयरपर्सन बोलीं, दुनिया को दिखाएंगे भारतीय सभ्यता और संस्कृति

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नई दिल्ली

मिस वल्र्ड 2023 प्रतियोगिता इस बार भारत में होगी। यह जानकारी मिस वल्र्ड ऑर्गेनाइजेशन ने दी है। प्रतियोगिता में 130 देशों की सुंदरियां भाग लेंगी। एक महीने तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का फाइनल राउंड नवंबर- दिसंबर में होगा। यह दूसरा मौका है, जब भारत को मिस वल्र्ड प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। पहली बार 1996 में भारत में इस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। मिस वल्र्ड ऑर्गेनाइजेशन की चेयरपर्सन और सीईओ जूलिया मॉर्ले ने गुरुवार को दिल्ली में कहा- मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि मिस वल्र्ड का 71वां एडिशन भारत में होगा। मैं 30 साल की थी तब भारत आई थी और तब से मुझे भारत और यहां के लोगों से काफी लगाव है। जूलिया मॉर्ले ने कहा- भारत एक आकर्षक देश है। यहां की सभ्यता और संस्कृति में काफी विविधता है। यहां के लोकेशन भी अपने आप में आकर्षित करने के लिए काफी हैं। यहां की सभ्यता और संस्कृति को हम पूरी दुनिया से परिचय कराएंगे। इस प्रतियोगिता में 130 देशों के चैम्पियन एक महीने तक अपने कला का प्रदर्शन करेंगे।

नंदिनी गुप्ता होंगी भारत की प्रतिभागी

मिस वल्र्ड-2023 प्रतियोगिता में नंदिनी गुप्ता भारत की तरफ से भाग लेंगी। वे 19 साल की हैं और राजस्थान के कोटा की रहने वाली हैं। इस साल मिस इंडिया कॉन्टेस्ट में उनके सिर ताज सजा था। नंदिनी अभी मुंबई के एक कॉलेज से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही हैं। वे सेकेंड ईयर में हैं।

भारत की छह सुंदरियां मिस वल्र्ड

भारत की छह सुंदरियां मिस वर्ल्ड का ताज जीत चुकी हैं। पहली बार 1966 में रीता फारिया ने मिस वल्र्ड का ताज जीता था। उसके बाद 1994 में ऐश्वर्या राय ने इस प्रतियोगिता को अपने नाम किया। 1997 में डायना हेडन ने ये ताज पहना। युक्ता मुखी ने 1999 में मिस वल्र्ड का ताज जीता था। 2000 में प्रियंका चोपड़ा और मानुषी छिल्लर ने 2017 में मिस वल्र्ड का खिताब अपने नाम किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App