शिमला के तापमान ने तोड़ा दो दशकों का रिकार्ड, दस डिग्री से नीचे पारा, आज और कल हल्की बारिश

By: Jun 4th, 2023 12:06 am

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

हिमाचल प्रदेश में बारिश के बाद तामपान में काफी ज्यादा गिरावट देखी गई है। तापमान में आई गिरावट के कारण पहाड़ों में मौसम ठंडा हो गया है। खासकर सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। वहीं शिमला शहर में न्यूनतम तापमान ने दो दशक का रिकार्ड तोड़ा है। शिमला में जून महीने के दौरान न्यूनतम तामपान 1999 के बाद जून, 2023 में 10 डिग्री से नीचे आया है। वर्ष 2000 से 2022 तक शिमला शहर का पारा 11 से 14 डिग्री के बीच दर्ज हुआ था। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को राज्य के सात शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। शिमला में लगभग दो दशकों बाद जून में न्यूनतम तापमान जनवरी की तर्ज पर रिकार्ड हुआ है।

यहां का पारा सामान्य से पांच डिग्री नीचे रिकार्ड किया जा रहा है। शनिवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो दिन पहले यहां का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था। मौसम विभाग ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रही बारिश एवं बर्फबारी से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में उच्चतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। वहीं हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम मिला जुला रहेगा। रविवार और सोमवार को प्रदेश कुछ क्षेत्रों में बारिश की हल्की बौछारे गिर सकती है। वहीं छह जून को प्रदेश में फिर यलो अलर्ट जारी किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App