जून महीने में चूड़धार की पहाडिय़ों पर बर्फबारी

By: Jun 3rd, 2023 12:16 am

12 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित शिवलिंग चोटी पर गिरे बर्फ के फाहे, पिछले सारे रिकार्ड टूटे

संजीव ठाकुर-नौहराधार
समुद्र तल से लगभग 12 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार की शिवलिंग चोटी पर शुक्रवार सुबह हल्का हिमपात हुआ। चूड़धार से उपर शिवलिंग पर जून माह में बर्फबारी हुई। बता दें कि इस बर्फबारी ने पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। इस वर्ष जून माह में बर्फ का गिरना अचंभित करने जैसा लग रहा है। बहरहाल कई शताब्दियों बाद चूड़धार में पहली बार जून महीने में हिमपात हुआ है। सुबह करीब सात बजे जब चोटी पर बर्फबारी शुरू हुई तो उस दौरान वहां का तापमान चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। खराब मौसम के चलते धार्मिक स्थल चूड़धार दिन भर धुंध के आगोश में समाया रहा। खराब मौसम के चलते व सुबह बर्फबारी शुरू होने के बाद चूड़धार पहुंचे 100 से अधिक श्रद्धालुओं को चूड़ेश्वर सेवा समिति के सदस्यों ने वापस भेज दिया। चूड़ेश्वर सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष व 91 वर्षीय प्रसिद्ध समाजसेवी तुलसी राम चौहान ने बताया कि 91 वर्ष के जीवन काल में चूड़धार में बर्फबारी न तो उन्होंने खुद देखी है और न ही सुना है। उनके बुजुर्गों ने भी जून महीने में चूड़धार में बर्फबारी होने के बारे में नहीं सुना था। चौहान ने बताया कि 1962 में मई महीने में चूड़धार में बर्फ गिरी थी। उसके बाद 22 मई, 2022 को 60 वर्षों के बाद चूड़धार में बर्फ गिरी थी।

हैरानी की बात यह है कि इस वर्ष मई महीने में दो बार व जून महीने में शताब्दियों बाद चूड़धार में हिमपात हुआ है। मई महीने में हुई बारिश से चूड़धार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी भारी कमी आई है। चूड़ेश्वर सेवा समिति के प्रबंधक बाबूराम शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष मई महीने में मंदिर, आश्रम व चूड़ेश्वर सेवा समिति की सराय में करीब 20 हजार श्रद्धालु ठहरे थे। इस बार मई महीने में लगभग छह हजार श्रद्धालु ही चूड़धार पहुंचे। वहीं नौहराधार आदि मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्र में बेमौसमी ठंड का दौर लौट आया है जाकि हैरान कर देने वाला है। जहां आजकल गर्मी से पसीने छूटते थे वहीं ठंड से लोग अलाव, हीटर व गर्म कपड़े ओढ़े हुए हैं। उधर मौसम विभाग के निदेशक डा. एसके पॉल ने बताया कि मई महीने में अधिक वर्षा होने के कारण धर्मशाला व शिमला जैसे बड़े शहरों के अलावा प्रदेश के कई जिलों में तापमान में भारी गिरावट आई है। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App