राहुल गांधी से डर गई है केंद्र सरकार; उपमुख्यमंत्री बोले, बेवजह बयानबाजी कर रहे भाजपा नेता

By: Jun 3rd, 2023 12:08 am

सिटी रिपोर्टर — ऊना

राहुल गांधी के विरुद्ध जिस प्रकार से भाजपा नेता टिप्पणियां कर रहे हैं, यह उन्हें शोभा नहीं देता है। राहुल गांधी विपक्ष की आवाज बन रहे हैं। भाजपा को पता होना चाहिए कि गांधी कभी भी फर्जी नहीं हो सकते। यह बात हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कही। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने यह साबित कर दिया है कि किस प्रकार से विपक्ष की आवाज बना जाता है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की नींद उड़ाई है। भाजपा के नेता उनकी बढ़ती लोकप्रियता सहन नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आई है। इसके अलावा कर्नाटक में भी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई है। जिस प्रकार से राहुल गांधी ने लगातार भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मेहनत की, जनता की आवाज को उठाया, जनता के मुद्दों को उठाया, यह उसी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हर कांग्रेस का कार्यकर्ता कांग्रेस के नेतृत्व के साथ कंधे से कंधा मिलाकर के खड़ा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो यह सोच देश में फैला रही थी कि कांग्रेस मुक्त देश को करेंगे, लेकिन आज अनेक राज्य भाजपा मुक्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों से तंग आ गई है। उन्होंने कहा कि महासंपर्क करने वाले भाजपा के नेता जनता को यह बताएं कि हिमाचल प्रदेश को कौन सा आर्थिक पैकेज दिया है। कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश को आर्थिक रूप से निर्भर बनाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि हम पूरी तरह से केंद्रीय मापदंडों को अपना रहे हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक आंदोलन है, एक विचार है और गांधी परिवार ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है,। देश की आजादी के बाद भी बलिदान दिया है। ऐसे में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी के विरुद्ध टिप्पणी करने से पहले भाजपा के नेता विचार जरूर करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App