मैं राष्ट्रपति पद संभालने को तैयार, बाइडेन की उम्र को लेकर चर्चाओं के बीच बोलीं कमला हैरिस

By: Sep 8th, 2023 12:06 am

एजेंसियां — वाशिंगटन

अमरीका में अगले साल राष्ट्रपति चुनाव होना है। डोनाल्ड ट्रंप के अलावा जो नाम इस वक्त सबसे ज्यादा सुर्खियों में हैं- वह मौजूदा प्रेजिडेंट जो बाइडेन। हालांकि बाइडेन की उम्र को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं गर्म हैं कि क्या वह 81 साल की उम्र में अगला चुनाव लड़ेंगे? अब उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने बड़ा बयान देकर अटकलें तेज कर दी हैं कि जरूरत पड़ी, तो वह राष्ट्रपति पद संभालने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर जो बाइडेन अपना कार्यकाल पूरा करने में असमर्थ होते हैं, तो वह राष्ट्रपति का पद संभालने के लिए तैयार हैं।

भारतीय मूल की पहली अमरीकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की यह प्रतिक्रिया तब आई जब उन्होंने शुरू में 80 वर्षीय बाइडेन की विधायी उपलब्धियों की ओर इशारा करके उनकी उम्र के बारे में एक सवाल को टालने की कोशिश की। कमला हैरिस से पूछा गया कि राष्ट्रपति की उम्र के बारे में सवाल अकसर चलते रहते हैं कि यदि आवश्यक हो तो आप भूमिका कैसे निभाएंगे?

क्या आप उस संभावना के लिए तैयार महसूस करते हैं? क्या उपराष्ट्रपति के रूप में सेवा करने से आप उस कत्र्तव्य के लिए तैयार हैं? जवाब में कमला हैरिस ने कहा, हां। कमला हैरिस इस वक्त इंडोनेशिया के जकार्ता में हैं। वह यहां वार्षिक एसोसिएशन ऑफ साउथईस्ट एशियन नेशंस शिखर सम्मेलन में बाइडेन का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। हैरिस ने कहा कि ठीक है, सबसे पहले, मैं आपके काल्पनिक सवाल का उत्तर दे देती हूं, लेकिन जो बाइडेन स्वस्थ हैं। इसलिए यह कभी होने नहीं वाला।