प्रदेश में कमजोर पड़ा मानसून; मौसम विभाग का पूर्वानुमान, 30 तक बारिश के आसार नहीं

By: Sep 25th, 2023 12:06 am

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है। रविवार को कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। प्रदेश में 25 के बाद मानसून के विदा होने के आसार है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 25 से 30 सितंबर तक मौसम साफ रहेगा। धूप खिलने से तापमान में भी कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। उधर, पहली से 24 सितंबर तक राज्य में सामान्य से 36 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। चंबा में 24, हमीरपुर 10, किन्नौर 64, कुल्लू 35, लाहुल-स्पीति 80, मंडी 48, शिमला 65, सिरमौर 34 और सोलन में सामान्य से 70 फीसदी कम बारिश हुई है। इस दौरान कांगड़ा में सबसे अधिक 228.2, ऊना 158.3 व बिलासपुर में 121.8 एमएम बारिश दर्ज की गई।

मानसून सीजन में 10896 घरों को नुकसान

इस मानसून सीजन में 24 जून से 23 सितंबर तक 468 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इनमें से 180 की सडक़ों हादसों में मौत हो गई। कुल 487 घायल हुए है। राज्य में 2647 घर पूरी तरह ढह गए है। 11129 को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अतिरिक्त 320 दुकानों व 5977 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। मानसून सीजन के दौरान अब तक 8667.95 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हो चुका है। अब तक राज्य में भूस्खलन की 168 और अचानक बाढ़ की 72 घटनाएं सामने आई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App