आज से नए संसद भवन में चलेगा सदन, 1:15 बजे शुरू होगी लोकसभा की कार्यवाही, राज्यसभा की 2:15 बजे

By: Sep 19th, 2023 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

संसद के विशेष सत्र की कार्रवाई मंगलवार को नए संसद भवन में शुरू होगी। अब इसके लिए समय का निर्धारण भी हो गया है। लोकसभा की कार्रवाई दोपहर के सवा एक बजे से शुरू होगी। वहीं, राज्यसभा की कार्रवाई के लिए सवा दो बजे का समय तय किया गया है। गौरतलब है कि संसद के विशेष सत्र के पहले दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोकसभा को सूचित किया कि सोमवार को संसद भवन में कार्यवाही का अंतिम दिन है और आज के बाद सदन की कार्यवाही नए भवन में संचालित होगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी सदस्य नए संसद भवन में नई आशाओं, नई उम्मीदों के साथ प्रवेश करेंगे। बिरला ने विश्वास व्यक्त किया कि नए भवन में भारत का लोकतंत्र नई ऊंचाईयां प्राप्त करेगा। सदन को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि संसद भवन स्वतंत्रता प्राप्ति की ऐतिहासिक घड़ी से लेकर भारत के संविधान निर्माण की सम्पूर्ण प्रक्रिया और इसके साथ आधुनिक राष्ट्र की गौरवशाली लोकतांत्रिकक यात्रा का साक्षी रहा है।

स्वतंत्र भारत की प्रथम लोकसभा के अध्यक्ष गणेश वासुदेव मावलंकर को याद करते हुए बिरला ने कहा कि देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने नियम समिति, विशेषाधिकार समिति, कार्य मंत्रणा समिति सहित कई अन्य संसदीय समितियों की स्थापना की और सदन के अंदर उच्चतम परंपराओं की नींव रखी। अन्य सभी पूर्व लोकसभा अध्यक्षों के योगदान का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि उनसे पूर्व 16 अध्यक्षों ने संसद की श्रेष्ठ परंपराएं स्थापित की हैं।

हाथ में संविधान और कदमताल, प्रधानमंत्री मोदी संग नई बिल्डिंग में पैदल जाएंगे सभी सांसद

मंगलवार को सदन के विशेष सत्र की कार्रवाई नए सदन में होगी। इसके लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। नई संसद में सांसदों के प्रवेश को खास बनाने की तैयारी है। सभी सांसद पुरानी संसद से नई बिल्डिंग तक पैदल जाएंगे। सभी सांसद अपने हाथ में संविधान की प्रति लेकर चलेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सांसदों को लीड करेंगे। इसके बाद नए सदन में प्रधानमंत्री मोदी और राज्यसभा के सभापति का भाषण होगा।

हमारे पूर्वजों ने यहीं संविधान रचा

अधीर ने कांग्रेस के काम गिनाते हुए मोदी सरकार पर बोला हमला

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

संसद के विशेष सत्र की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने देश के विकास के लिए कांग्रेस की सरकारों के काम को गिनाते हुए मोदी सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में वन पार्टी डिक्टेटरशिप लाने की कोशिश में है। जम्मू-कश्मीर और मणिपुर को लेकर भी उन्होंने कहा कि दोनों राज्य जल रहे हैं। हमारे जवान शहीद हो रहे हैं। अभी बहुत कुछ करना बाकी रह गया है। चौधरी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि यह 75 साल का अमृतकाल कहां से लाया गया, इसका मुझे पता नहीं है। आज जब पता चला कि इस संसद भवन का अंतिम दिवस है, तो भावुक होना स्वाभाविक है। कितने ही ज्ञानियों ने देश के लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए योगदान दिए होंगे।

हमारे बहुत सारे पूर्वज दुनिया छोडक़र चले गए, उनको भी हम याद करते रहेंगे। अधीर रंजन चौधरी ने इंदिरा गांधी, पंडित नेहरू के साथ में अटल बिहारी वाजपेयी की भी तारीफ की। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि जब संसद में संविधान की चर्चा हो, लोकतंत्र की चर्चा हो तो हमारे पंडित नेहरू जी और बाबासाहेब आंबेडकर की बात जरूरी होती है। अच्छा लगा कि आज सदन में नेहरू जी के बारे में बात करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा था कि संसदीय लोकतंत्र को कई बातों की जरूरत होती है।

विशेष सत्र में बोलेंगे मनमोहन सिंह, मेनका गांधी और शीबू सोरेन

नई दिल्ली। संसद का साझा सत्र कल संसद की नई बिल्डिंग में होगा। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी मेनका गांधी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता शीबू सोरेन और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का भाषण होगा। सूत्रों के अनुसार तीनों को 5-5 मिनट का वक्त दिया गया है। मेनका गांधी पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं जोकि मौजूदा लोकसभा सांसदों में सबसे लंबे कार्यकाल से लोकसभा की सदस्य हैं। वहीं राज्यसभा सांसद मनमोहन सिंह राज्यसभा में सबसे लंबे समय राज्यसभा सांसद हैं।