हिमाचल में सभी नेताओं के सहयोग से दौड़ेगा विकास, बद्दी में कामगारों के संवाद कार्यक्रम में बोले पठानिया

By: Nov 21st, 2023 12:07 am

भटियात से बीबीएन को जल्द चलेगी एचआरटीसी की बस

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बीबीएन

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल में बेहतर रोजगार सृजन,आर्थिक संसाधनों और प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए सभी राजनीतिक दलों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। कुलदीप सिंह पठानिया सोमवार को बद्दी में कार्यरत भटियात विधानसभा क्षेत्र के कर्मचारियों एवं कामगारों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां संसाधन सीमित है।

चंबा के भटियात विधानसभा क्षेत्र से बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र एवं परवाणू तक प्रदेश पथ परिवहन निगम की बस सेवा शीघ्र आरंभ की जाएगी। इस संबंध में मामला उच्च स्तर पर विचाराधीन है और औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही है। उन्होंने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों एवं कामगारों के व्हाट्सऐप ग्रुप में स्वास्थ्य एवं जल शक्ति विभाग सहित अन्य अधिकारियों के मोबाइल नंबर जोडऩे के निर्देश दिए ताकि कामगारों की समस्याओं का शीघ्र निदान हो सके। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बेहतरीन कार्य कर रही है। उन्होंने बीबीएन में कार्यरत कर्मियों और कामगारों की समस्याओं के समाधान के लिए विधायक राम कुमार सत्त क्रियाशील है। मुख्य संसदीय सचिव उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन राम कुमार चौधरी ने दून विधानसभा क्षेत्र में पधारने पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि एक ऐसा ऑनलाइन पोर्टल आरंभ किया जाना चाहिए जो प्रदेश के सभी रोजगार और उपरोजगार कार्यलयों से जुड़ा हो।

इस अवसर पर भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मंलुडा के प्रधान अनूप तथा खंड कांग्रेस समिति दून के अध्यक्ष कुलतार सिंह ठाकुर ने भी अपने विचार रखे। नगर परिषद बद्दी के पूर्व अध्यक्ष मदन लाल चौधरी, नगर परिषद बद्दी के पार्षद, नगर पंचायत चुआड़ी के उपाध्यक्ष सुरेंद्र चारखए भटियात विधानसभा क्षेत्र के पंचायती राज प्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बद्दी मोहित चावला, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललित जैन, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डा. राजन उप्पल व विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।