HP News: कर्मचारी तबादलों पर पूर्ण प्रतिबंध, मुख्यमंत्री सुक्खू के आदेश पर कार्मिक विभाग ने जारी किए निर्देश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
हिमाचल में सरकारी कर्मचारियों के तबादलों पर अब पूरी तरह प्रतिबंध लग गया है। कार्मिक विभाग के उप सचिव की ओर से सोमवार शाम को इस बारे में आदेश जारी किए गए हैं। ये आदेश मंगलवार से प्रभावी हो जाएंगे। इस अवधि में सिर्फ वही ट्रांसफर आर्डर होंगे, जो प्रशासनिक जरूरत पर आधारित होंगे। जारी आदेशों में कहा गया है कि 21 नवंबर के बाद अब सिर्फ वही तबादला आदेश जारी होंगे, जो तबादलों के गाइडिंग प्रिंसीपल के पैरा 8 के तहत मान्य होंगे। इसमें सिर्फ प्रशासनिक जरूरत या एमर्जेंसी में ही ट्रांसफर आर्डर होते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पिछले तीन महीने से कैबिनेट मंत्रियों को अपने विभागों में ग्रुप सी और ग्रुप डी के तबादले करने के अधिकार दे रखे थे। हर महीने की आखिरी 10 दिनों में तबादलों के मामले प्रोसेस हो रहे थे, लेकिन अब यह प्रक्रिया पूरी तरह रुक गई है। शिक्षा विभाग का भी फीडबैक था कि बोर्ड परीक्षाओं के नजदीक आने का वक्त है और स्कूलों में सिलेबस पूरा करवाना है। ऐसे में टीचर्स की ट्रांसफर को कम करने की जरूरत है। इस सारे फीडबैक के आधार पर मुख्यमंत्री ने अब तबादलों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।