सौर-ग्रीन एनर्जी के वाहनों का करें प्रचार

By: Nov 22nd, 2023 12:10 am

राष्ट्रीय सांप्रदायिक सद्भाव सप्ताह के तहत विद्युत मंडल राजगढ़ में कार्यक्रम

नितिन भारद्वाज – राजगढ़
राष्ट्रीय सांप्रदायिक सद्भाव सप्ताह के तीसरे दिन मंगलवार को विद्युत मंडल राजगढ़ में बिजली बोर्ड द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विद्युत मंडल के कर्मचारियों को सांप्रदायिक सद्भाव सप्ताह के अंतर्गत राष्ट्रीय सांप्रदायिक सद्भाव की जानकारी दी गई। इस अवसर पर बिजली बोर्ड के कंसलटेंट (पीआर) अनुराग पराशर ने कहा कि हमारे इतिहास में धार्मिक सद्भाव एक मुख्य अंग है। जो दर्शाता है कि ईश्वर की पूजा विभिन्न नामों से की जाती है। उन्होंने कहा कि कलिंग युद्ध के बाद अशोक ने बौध धर्म के दर्शन को अपनाया और स्वयं को धर्म के प्रचार के लिए समर्पित कर दिया। इसलिए उन्हें सामाजिक समरसता के अग्रदूत के रूप में भी जाना जाता था। उन्होंने कर्मचारियों से सांप्रदायिक हिंसा में पीडि़त हुए बच्चों की सहायता करने का भी आह्वान किया।

विद्युत आपूर्ति के बारे में चर्चा करते हुए अनुराग पराशर ने कहा कि बिजली संबंधित शिकायतों के लिए बोर्ड द्वारा स्थापित टोल फ्री नंबर 1800-180-8060 या 1912 के माध्यम से उपभोक्ताओं को जागरूक करें। उन्होंने ईज ऑफ डुईंग, सौर ऊर्जा और ग्रीन ऊर्जा से चलित वाहन के प्रचार करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कर्मचारियों से प्रमाणित विद्युत उपकरणों को बाजार से ही खरीद कर प्रयोग में लाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने उपभोक्ताओं द्वारा मीटर लेते समय दी गई सिक्योरिटी राशि के ऊपर सालाना ब्याज राशि प्रत्येक वर्ष 30 जून के पश्चात प्रदान किए जाने पर भी अवगत करवाया। साथ ही बिजली के अनाधिकृत प्रयोग और चोरी पर विभिन्न प्रकार की सजाओं के प्रावधान के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सेक्शन 126 के अंतर्गत क्षतिपूर्ति का प्रावधान है यानी बिजली के अनाधिकृत प्रयोग पर भारी राशि चुकानी पड़ती है व सेक्शन 135 के अंतर्गत चोरी, क्षतिपूर्ति राशि के साथ जेल का प्रावधान भी है।