श्रीरेणुकाजी मेला आज से…छह दिन रहेगी धूम

By: Nov 22nd, 2023 12:18 am

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया करेंगे शुभारंभ, दोपहर सवा एक बजे निकलेगी भगवान परशुराम की शोभायात्रा

अमित अग्रवाल-श्रीरेणुकाजी
्रसिरमौर जिला के रेणुका का प्रसिद्ध छह दिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले का आगाज 22 नवंबर को दोपहर सवा एक बजे भगवान परशुराम जी की शोभा यात्रा के साथ हो जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने कहा कि मेले का विधिवत शुभारंभ हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया करेंगे। वह दोपहर 1.20 बजे शोभा यात्रा में शामिल होंगे और भगवान परशुराम जी की पालकी को कंधा देंगे।

इसके उपरांत वह सायं सवा चार बजे भगवान परशुराम मंदिर में पूजा अर्चना करने के उपरांत विकासात्मक प्रदर्शनियों का उद्घाटन व अवलोकन करेंगे। वह सायं साढ़े पांच बजे रेणु मंच पर अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेला-2023 का विधिवत शुभारंभ करेंगे तथा जनसमूह को संबोधित करेंगे। वह मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या के भी मुख्यातिथि होंगे। सुमित खिमटा ने बताया कि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले के उदघाटन समारोह में शामिल होंगे। वह बुधवार को दोपहर साढ़े 12 बजे रेणुकाजी पहुंचकर शोभा यात्रा में भाग लेंगे। स्थानीय विधायक विनय कुमार भी उदघाटन समारोह की सभी रस्मों में उपस्थित रहेंगे। उपायुक्त ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले का समापन 27 नवंबर को सायं सवा चार बजे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल करेंगे। इस दौरान विधायक विनय कुमार भी तैयारियों का जायजा लेने के लिए सभी स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने शोभा यात्रा स्थल, पूजा स्थल, रेणु मंच, मेला मैदान व प्रदर्शनियां सहित आवश्यक प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने इस संबंध में गठित की गई अलग-अलग समितियों को अपने दायित्त्वों का निर्वहन करने के भी निर्देश दिए। (एचडीएम)

संास्कृतिक संध्याओं का होगा लाइव प्रसारण
उपायुक्त सुमित खिमटा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले में जिला और प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। उनका भरपूर मनोरंजन हो इसके लिए रेणुका विकास बोर्ड ने खास प्रबंध किए हैं। मेले में छह सांस्कृतिक संध्याएं होंगी जिनमें एक से बढक़र एक कलाकार जनसमूह का मनोरंजन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला व प्रदेश की संस्कृति के लाइव दर्शन होंगे। वहीं दूसरे प्रदेशों की संस्कृति को जानने का भी मौका मिलेगा।

मेले के शुभारंभ में शामिल होंगे मंत्री हर्षवर्धन चौहान
नाहन। उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान के 21 नवंबर और 22 नवंबर के सिरमौर प्रवास में आंशिक संशोधन हुआ है। संशोधित प्रवास कार्यक्रम के अनुसार उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान 21 नवंबर सायं सात बजे नाहन पहुंचेंगे और जनसमस्याएं सुनेंगे। हर्षवर्धन चौहान 22 नवंबर दोपहर साढ़े 12 बजे अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले के शुभारंभ समारोह में भाग लेंगे। उद्योग मंत्री के प्रवास के दौरान विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि और कांग्रेस पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

नगर खेड़ा मंदिर माजरा से निकलेगी निशान यात्रा
पांवटा साहिब। भगवान खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर गुरुवार 23 नवंबर को दोपहर दो बजे नगर खेड़ा मंदिर माजरा से प्रारंभ होकर गीता भवन पांवटा तक प्रथम भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान श्याम सेवा समिति माजरा के द्वारा खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव पर माजरा से खाटू श्याम मंदिर गीता भवन पांवटा साहिब तक पैदल निशान यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में माजरा क्षेत्र के श्रद्धालु शामिल होंगे तथा खाटू श्याम सेवा समिति के द्वारा इस प्रथम निशान यात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर की जा रह हैं तथा समिति के द्वारा सभी श्याम भक्तों से अपील की गई है कि वह इस निशान यात्रा में जरूर शामिल हों तथा भगवान खाटू श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें। माजरा में प्रथम बार इस निशान यात्रा को निकाला जा रहा है तथा माजरा से पांवटा साहिब तक यह भव्य निशान यात्रा निकाली जा रही है। जिसके लिए माजरा के महिला मंडल श्री शिव सेवा कांवड़ मंडल तथा अन्य सामाजिक संस्थाएं व ग्रामीणों का सहयोग भी मिल रहा है। खाटू श्याम सेवा समिति के द्वारा सभी श्याम भक्तों को निशान उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। समिति के द्वारा बुधवार को शाम पांच बजे नगर खेड़ा मंदिर में निशान उपलब्ध करवाए जाएंगे तथा 23 नवंबर गुरुवार को दोपहर दो बजे से नगर खेड़ा माजरा से बाइपास होते हुए पांवटा साहिब तक यह निशान यात्रा निकाली जाएगी।