महिला ने फंदा लगाकर दी जान
गुरुवन में पेश आया वाकया, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
निजी संवाददाता-बड़सर
उपमंडल बड़सर के तहत बड़ाग्रा पंचायत के गुरुवन में एक महिला ने पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सुबह ही महिला ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। हालांकि ऐसा करने के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। महिला ने अपनी चुनरी को फंदा बनाया तथा पेड़ से लटक गई। जब तक परिजनों को पता चलता महिला के प्राण निकल चुके थे। पेड़ से लटका शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। मौत को लेकर कई तरह की बातें कहीं जा रही है। जानकारी के अनुसार 42 वर्षीय महिला की घर के साथ ही पेड़ से लटकी लाश मिली है।
महिला ने अपनी चुनरी का ही फंदा बनाया हुआ था। महिला के पति ने बताया कि सुबह जब पांच बजे देखा तो उसकी पत्नी घर में नहीं थी। जब उसको ढूंढा गया तो घर के साथ लगते ही पेड़ से लटकी उसकी लाश मिली है। महिला का पति पेशे से ड्राइवर है। डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि बड़ाग्रा पंचायत के गुरुवन में एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। प्रथम दृश्य में आत्महत्या का मामला लग रहा है। शव पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हरेक पहलू से मामले की जांच कर रही है। महिला द्वारा उठाए गए खौफनाक कदम के कारणों की जांच की जा रही है।