तबादलों से एचआरटीसी यूनियन खफा

मंडी में सरकार की कार्यप्रणाली पर कर्मचारियों ने उठाए सवाल

स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
सरकार मनचाहे ढंग से एचआरटीसी कर्मियों के तबादले कर रही है, जो बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि सरकार का यही मनमाना रवैया रहा तो यूनियन सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने को तैयार है। यह बात यूनियन के अध्यक्ष प्यार सिंह और उपाध्यक्ष बाला दत्त ने मंडी में आयोजित बैठक के दौरान कही। भारतीय मजदूर एचआरटीसी यूनियन की राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन मंडी में किया गया जिसकी, अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर ने की । इस दौरान प्रदेश के सभी पदाधिकारी इस बैठक में मौजूद रहे। बैठक में यूनियन की समस्याओं पर चर्चा की गई।

भारतीय मजदूर एचआरटीसी यूनियन मंडी के उपाध्यक्ष बाला दत्त ने बताया कि निगम द्वारा परिवहन विभाग के कर्मचारियों के तबादलों में लगातार बदलाव किया जा रहा हैं, जिससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता पर भी असर पड़ रहा है। इसके साथ उन्होंने बताया कि मजदूर संघ हमेशा कमचारियों के हितों की रक्षा करता आ रहा है लेकिन वर्तमान सरकार इस पर रोक नहीं लगा पा रही है जो कि निराशा जनक है। भारतीय मजदूर एचआरटीसी यूनियन संघ के कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन करेंगे। बैठक में नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया, जिसमें कुलवंत सिंह को अध्यक्ष, प्रधान पद पर सुदंर सिंह, कश्मीर सिंह व अजय कुमार को उपप्रधान, तिलक चंद को सचिव, विकास, मिशन और डिपंल कुमारी को सह सचिव पद के लिए चुना गया। डागु राम कोषाध्यक्ष, कुलदीप संगठन मंत्री, भूप सिंह और खेम सिहं को सह संगठन मंत्री चुना गया। वहीं जीवन सिंह को कार्यालय सचिव चुना गया। नरेश कुमार, अंजन कुमार, चुन्नी लाल, सूरजमणी, कश्मीर सिंह, नीलमणी की भी विभिन्न पदों पर नियुक्ति की गई।