परिवर्तन से सिर्फ जनता के हक छीने; भाजपा प्रभारी बोले, सभी मोर्चों पर विफल साबित हुई प्रदेश सरकार
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि परीक्षा में फेल हुआ विद्यार्थी पार्टी देने की बात कर रहा है, ऐसा है कांग्रेस के नेताओ का जश्न। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार सभी मोर्चों पर विफल साबित हुई है और विफलता के बावजूद जश्न की बातें कर रहे हैं। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पार्टी को बहुत बड़ा फेलियर घोषित किया है और इसके ऊपर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पार्टी देने की बात कर रहे हैं। जब से कांग्रेस की सरकार हिमाचल प्रदेश में बनी है, तब से सारी योजनाएं पूर्ण रूप से फेल हो गई हैं और विकास ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि जश्न लोगों के जख्म पर नमक छिडक़ने वाली बात है।
जहां जनता परेशान है और अपने हकों का इंतजार कर रही है, वहां कांग्रेस पार्टी अपनी उपलब्धियों की बात कर रही है। इससे हिमाचल की जनता बहुत परेशान है। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रदेश सरकार हिमाचल के भोले-भाले लोगों को बरगलाने का प्रयास कर रही है। वहीं भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि परिवर्तन तो हुआ है, लेकिन जनता के हक छीन लिए। कांग्रेस पार्टी व्यवस्था परिवर्तन की बात करती है, पर परिवर्तन करते-करते जनता के सभी हक परिवर्तित करके छीन लिए हैं, यह है असली व्यवस्था परिवर्तन। लोगों के खाते में जो पैसे आ रहे थे, उनको रोक लिया गया। सडक़ों का निर्माण रोक लिया गया, पुलों का निर्माण रोक लिया गया, यह है व्यवस्था परिवर्तन। अपने वादों को तो ये पूर्ण रूप से पूरा नहीं कर पाएंगे। 10 गारंटियों का तो पता लग नहीं रहा है, महिला, युवा, किसान-बागबान सभी अपने वादे पूरे करने का इंतजार कर रहे हैं और यह इंतजार लगता है कि अनिश्चितकाल तक चलने वाला है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App