चगांव महेश्वर मंदिर परिसर संवारा

भाजपा अनुसूचित जनजाति के प्रदेश प्रभारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने छेड़ा सफाई अभियान
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— रिकांगपिओ
प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर पूरे देश में मंदिर परिसरों में सफाई अभियान 16 से 22 जनवरी तक चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शुक्रवार को भाजपा अनुसूचित जनजाति के प्रदेश प्रभारी व पूर्व प्रदेश वन विकास निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं व महिला मंडल एवं क्लब के सदस्यों ने चगांव महेश्वर, विष्णु व दुर्गा मंदिर सहित दोयगलांग परिसर में सफाई अभियान चलाया। इसके अलावा मंदिर परिसर के साथ लगती नालियों की भी सफाई की। इस दौरान भाजपा अनुसूचित जनजाति के प्रदेश प्रभारी सूरत नेगी ने कहा कि 22 जनवरी को राष्ट्र हितैषी हिंदूवादी संगठनों द्वारा अयोध्या में राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जा रहा है।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सहित शीर्ष नेतृत्व ने 16 से 22 जनवरी तक देश के प्रत्येक मंदिर में सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया था, जिसके चलते पूरे देश में मंदिर परिसरों की सफाई अभियान चलाया जा रहा है, उसी तरह जिला किन्नौर में भी भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं द्वारा 16 से 22 जनवरी तक इस अभियान को जिला के हर बूथ में चलाया जा रहा है। सूरत नेगी ने कहा कि 22 जनवरी को भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता व हिंदूवादी परिवार अपने घरों में पांच दीये जलाएंगे। वहीं उस दिन हर मंदिर परिसर में एलईडी टीवी के माध्यम से समाज के लोगों को शामिल कर दिवाली उत्सव की तरह त्योहार के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष तेजिंद्र, निचार मंडल अध्यक्ष मदन धनौरू, महामंत्री रंजीत सिंह, भाजपा मंडल सदस्य युधिष्ठिर आदि मौजूद थे।