बल्ह कांग्रेस के पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा

पूर्व मंत्री और जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश चौधरी के समर्थन में त्यागपत्र, हाइकमान के एक्शन न लेने पर उठाया कदम
नगर संवाददाता-नेरचौक
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रकाश चौधरी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से दिए गए त्यागपत्र को सरकार व कांग्रेस हाइकमान द्वारा हल्के से लेने पर बल्ह कांग्रेस पदाधिकारियों ने अपने-अपने पदों से सामूहिक त्यागपत्र दे दिया है। त्यागपत्र देने वालें में बल्ह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, महासचिव महेंद्र गुप्ता, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष अजय ठाकुर, मोहनलाल ठाकुर, विनोद ठाकुर, पवन ठाकुर, दिनेश नायक, मुरारी शर्मा, इंद्र सिंह, बलराज चौधरी, नवीन राणा, तारा तूंगला, ललित ठाकुर, अश्विनी वालिया, माया देवी, शेर सिंह, महेंद्र सिंह, घनश्याम, सरवन नायक, ललित ठाकुर और विनोद गुलेरिया आदि शामिल हैं। शुक्रवार को पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी के निवास स्थान पर आयोजित बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजय ठाकुर व बल्ह कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने कहा था कि जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रकाश चौधरी के कांग्रेस पार्टी एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद से त्यागपत्र देने के उपरांत उनके समर्थन में सभी पदाधिकारीयों ने यह कदम उठाया है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को दो दिन का अल्टीमेटम दिया था, जिसकी अवधी पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का पूर्व मंत्री एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रकाश चौधरी से मंत्रणा होने के बावजूद भी मामले को हाई कमान द्वारा हल्के में लेने पर बल्ह कांग्रेस कमेटी पदाधिकारीयो तथा जिला के पदाधिकारियों को यह कदम मजबूरन उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दर्जनभर पदाधिकारियों ने अपने.अपने हस्ताक्षरित इस्तिफे प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को मेल के माध्यम से भेज दिए हैं।