29 फरवरी तक टला किसानों का दिल्ली कूच; खनौरी बार्डर पर फिर लाठीचार्ज, संघर्ष में 40 घायल

By: Feb 23rd, 2024 10:50 pm

खनौरी बार्डर जा रहे किसानों पर लाठीचार्ज, 

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़
किसान आंदोलन के 11वें दिन शुक्रवार को संयुक्त किसान मोर्चा ने दिल्ली कूच का फैसला 29 फरवरी तक टाल दिया है। किसान मजदूर मोर्चा के कोऑर्डिनेटर सरवण पंधेर ने शुक्रवार शाम को खनौरी बॉर्डर पर मीडिया को यह जानकारी दी।

इसके पहले शुक्रवार को किसानों ने ब्लैक-डे मनाया। शंभू बॉर्डर पर किसानों ने काले झंडे लहराए और काली पट्टियां बांधीं। उधर, हरियाणा में किसान और पुलिस में शुक्रवार को फिर से टकराव हुआ है। खनौरी बॉर्डर जा रहे किसानों पर पुलिस ने लाठियां भांजी हैं। साथ ही किसानों पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। पुलिस की गाड़ी में तोडफ़ोड़ की भी सूचना है। इस झड़प में 24 पुलिसकर्मी और 16 किसान घायल हो गए।

किसान आंदोलन में सातवीं मौत

नई दिल्ली। किसान आंदोलन के दौरान सातवीं मौत हो गई है। बठिंडा के अमरगढ़ गांव के रहने वाले दर्शन सिंह (62) खनौरी बॉर्डर पर दिल्ली कूच के लिए डटे हुए थे। गुरुवार शाम को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार उन्हें हार्ट अटैक आया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App