आफत…सोलन में पानी के लिए हाहाकार

गिरि पेयजल योजना में आई तकनीकी खराबी, शहर में चार से पांच दिन बाद लोगों को पेयजल की सप्लाई
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
नगर निगम सोलन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। गर्मियों का मौसम शुरू होने से पहले ही शहर में पेयजल संकट गहरा गया है। गिरि पेयजल योजना में आई तकनीकी खराबी के चलते जल शक्ति विभाग पर्याप्त पानी लिफ्ट नहीं कर पा रहा है, जिस कारण यह समस्या खड़ी हुई है। आलम यह है कि शहर में चार से पांच दिनों बाद ही लोगों को पेयजल उपलब्ध हो रहा है। पानी की कमी को देखते हुए नगर निगम ने भी अब पानी की राशनिंग शुरू कर दी है। गिरि पेयजल योजना में बीते दिनों से तकनीकी खराबी आने के चलते पेयजल की समस्या पेश आई है। गौड़ा में स्थित पेयजल योजना को बिजली आपूर्ति देने वाले ट्रांसफार्मर में खराबी आने चलते पानी को लि ट करने में परेशानी आ रही है।

हालांकि अश्वनी पेयजल योजना से पानी की लिफ्टिंग हो रही है। वहीं विद्युत विभाग ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने में लगा हुआ है। गौर हो कि सोलन शहर के 17 वार्डों में रोजाना करीब 80 से 90 लाख लीटर पानी की आवश्कता होती है, जिसे गिरि और अश्वनी दोनो पेयजल योजनाओं के माध्यम से पूरा किया जाता है। ऐसे में एक पेयजल योजना से लि िटंग बंद हो जाने के बाद शहर में पानी की कमी हो जाती है। जल शक्ति विभाग का दावा है कि बुधवार को निगम को 72 लाख लीटर पानी दिया गया है। इसके बाद निगम ने शहर के कुछ वार्डों में वीरवार को पानी की सप्लाई दी है। शेष वार्डों में शुक्रवार को सप्लाई दी जानी है।

तकनीकी खराबी सेे नहीं हो रही पानी की लिफ्टिंग
अधिशासी अभियंता ई. सुमित सूद जल शक्ति विभाग सोलन ने कहा कि गिरि पेयजल योजना में तकनीकी खराबी के चलते पानी की लिफ्टिंग नहीं हो पा रही। बुधवार को निगम को 72 लाख लीटर पानी दिया गया था।

क्या कहती हैं मेयर ऊषा शर्मा
मेयर ऊषा शर्मा नगर निगम सोलन ने बताया कि पेयजल की कमी को देखते हुए निगम वार्डों के अनुसार पानी लोगों को दे रहा है। लोगों से अपील है कि पानी का सदुपयोग करें।

आज सात वार्डों में होगी सप्लाई
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार शहर में पेयजल किल्लत को देखते हुए पानी की राशनिंग शुरू की गई है। गुरुवार को नगर निगम के वार्ड नंबर 2, 8, 11, 12 और 14 में पानी की सप्लाई दी गई। वहीं शुक्रवार को वार्ड नंबर दो माल रोड क्षेत्र, वार्ड नंबर तीन, चार, सात, छह, नौ और दस नंबर वार्ड में पानी की सप्लाई दी जाएगी।