भगवान रघुनाथ जी की नगरी में खूब उड़ा अबीर-गुलाल

भगवान को रंग लगाने उमड़ी भक्तों की भीड़

कार्यालय संवाददाता-कुल्लू
भगवान रघुनाथ की नगरी कुल्लू रविवार को खूब होली के रंगों में रंगी। होली के इस पावन बेला पर शहरवासियों और दूरदराज गांव के लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर गुलाल लगाया। बैरागी समुदाय के लोगों ने भी डफली और झांझ की धुन पर अलग-अलग टोलियों में होली की रीति को निभाया। गीत-संगीत और ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक वाद्य यंत्रों की स्वर लहरियों के साथ होली को मनाया गया। उत्सव में लोगों की चहल-पहल से शहर की रौनक भी देखते ही बनती थी।

होली के शुभ अवसर पर भगवान रघुनाथ के मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ा। रविवार सुबह से ही अधिष्ठाता देवता को गुलाल लगाने के लिए लोगों में होड़ मची रही। पूर्व सांसद एवं भगवान रघुनाथ के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने अपने निवास में होली को परिवार तथा अन्य लोगों के साथ धूमधाम से मनाया। भगवान रघुनाथ से आशीर्वाद लेने के बाद परिवार ने होली पर्व को धूमधाम से मनाया।