लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव भी संभव

सराहां में भाजपा के त्रिदेव सम्मेलन में शिमला से पार्टी प्रत्याशी सुरेश कश्यप बोले, प्रदेश सरकार अल्पमत में, तैयार रहें भाजपा कार्यकर्ता

निजी संवाददाता – सराहां
प्रदेश की कांग्रेस सरकार अल्पमत में आ चुकी है। यह संभव है कि आगामी लोकसभा के चुनाव के साथ ही प्रदेश विधानसभा के चुनाव भी संपन्न हों। यह बात शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने सराहां में भाजपा द्वारा आयोजित त्रिदेव सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए अभी से तैयार रहने का आह्वान किया। गौरतलब हो कि आगामी लोकसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को सराहां में पार्टी के जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता की अध्यक्षता में त्रिदेव सम्मेलन का आयोजन किया गया।

जिसमें शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने जहां केंद्र सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही योजनाओं को विस्तारपूर्वक कार्यकर्ताओं को बताया तथा आम जनमानस तक इन नीतियों के बारे में जानकारी प्रदान कर उन्हें अधिक से अधिक संख्या में लाभान्वित करने की अपील की। इस अवसर पर पार्टी के जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता ने भी कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए जरूरी टिप्स दिए। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में भारी जोश रहा। इस अवसर पर कृषि विपणन बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष बलदेव भंडारी, भाजपा मंडल पच्छाद के अध्यक्ष नरेंद्र गौसाई, सुरेंद्र नेहरू, सुरेंद्र चौहान, सोहन लाल नागवान, भूपेंद्र ठाकुर, विजय ठाकुर, अनूप शर्मा के अतिरिक्त भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।