गीत के जरिए वोट का महत्व समझाएंगे बिलासपुर के लोक कलाकार

लोकसभा चुनाव के मददेनजर तैयार किए गए सांग की राज्यस्तरीय नलवाड़ी मेले की पहली संध्या में की गई लांचिंग

दिव्य हिमाचल ब्यूरो, बिलासपुर
इस लोकसभा चुनाव में वोटिंग परसेंटेज बढ़ोतरी के मकसद से जिला बिलासपुर की ओर से लांच किए गए मेरा वोट मेरी डयूटी… सांग के माध्यम से लोक कलाकार जनता को वोट डालने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करते हुए नजर आएंगे। इस सांग में दर्शाया गया है कि लोकतंत्र में वोट की क्या अहमियत है और जिला व प्रदेश के विकास क्या भागीदारी है। हर वर्गों को समाहित कर तैयार यह गीत की गूंज अब गांव गांव और घर घर सुनाई देगी। निश्चित रूप से यह सांग वोटिंग परसेंटेज बढ़ोतरी में सहायक सिद्ध होगा। बिलासपुर के लुहणू मैदान में सजी राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में मेरा वोट, मेरी ड्यूटी गीत लांच किया गया। स्वीप गतिविधियों के तहत आगामी लोकसभा चुनाव में जिला को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करने को लेकर इस गीत को तैयार किया गया है।

गीत को वायस ऑफ पंजाब गौरव कौंडल ने गाया है। जबकि हिमाचली मुंडा श्याम, भजन गायक अभिषेक सोनी, राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित नृत्यांगना फूलां चंदेल, युवा गायक प्रिंस गर्ग व अक्षय शर्मा लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करते नजर आए हैं। सांस्कृतिक संध्या के दौरान इस गीत को दिखाया गया। साथ ही इसमें अहम भूमिका निभाने वाले कलाकारों को मुख्यातिथि मंडलायुक्त मंडी राखिल काहलों के कर कमलों से सम्मानित भी किया गया। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन सादिक ने जनता से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में आहुति डालें और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करवाएं।

लेजर शो के जरिए दिखाया बिलासपुर का इतिहास

राज्यस्तरीय नलवाड़ी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में लेजर शो भी मुख्य आकर्षण का केंद्र बना। इसकी खासियत यह है कि लेजर शो के जरिए महर्षि वेदव्यास की तपोभूमि बिलासपुर के पौराणिक इतिहास और संस्कृति को दर्शाया गया। पुराने शहर की गतिविधियां और राजाओं के जमाने की यादों को संजोया हुआ है जबकि बिलासपुर से गुजरने वाले कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन, एम्स, हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज और सामरिक महत्व की रेलवे परियोजना को दर्शा कर यहां की विकास गाथा को दिखाया गया।