महिलाओं पर अत्याचार पर भाजपा ने किया प्रदर्शन

भाजपा कार्यकर्ताओं ने ऊना लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह लेकर एमसी पार्क तक की नारेबाजी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
भारतीय जनता पार्टी द्वारा ऊना में पश्चिम बंगाल के सन्देशखाली में टीएमसी के नेता शेख शाहजहां द्वारा महिलाओं पर अत्याचार व लोगों की जबरदस्ती जमीन कबजाए जाने की घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा ने ऊना लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में इस प्रदर्शन की शुरुआत कर एमसी पार्क से लेकर वापस विश्राम गृह में ही इस विरोध प्रदर्शन को समाप्त किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में पूर्व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कँवर ने कहा कि भाजपा द्वारा आज पूरे देश भर में टीएमसी के नेता शेख शाहजहां के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि टीएमसी के नेता द्वारा महिलाओं पर अत्याचार व आम लोगों की जमीन पर कब्जा किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने साहस का परिचय दिखाकर इस मामले को दुनिया के सामने लाया है। उन्होंने कहा कि यद्यपि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री खुद एक महिला है,लेकिन इस घटना के बाद भी वहाँ की सरकार इस मामले को मानने के लिए तैयार नहीं है। इस मामले में एक पक्ष को हाई कोर्ट में जाना पड़ता है और इस प्रदेश सरकार को कोर्ट द्वारा दो बार आदेश देने पड़ते है। इससे साफ पता चलता है की पश्चिम बंगाल में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है।

वहां पर अराजकता का माहौल है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए ताकि जनमानस को राहत मिल सके। जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस प्रकार से अमानवीय घटनाओं का होना लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि सरकार का संरक्षण हो रहा है, इसलिए वहां की सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए। महिलाओं के सम्मान की और आम जन के जान माल की रक्षा की जानी चाहिए। भाजपा नेता प्रो.रामकुमार ने महिलाओं पर हो रहे बर्वतापूर्ण अत्याचार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया है यह अति निदनीय है। टीएमसी की सरकार मूक दर्शक बनी बैठी हैं। यह शर्मनाक विषय है। भारतीय जनता पार्टी इसका हर स्तर पर विरोध करेगी। रोष प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा सचिव सुमित शर्मा,भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कृष्ण चंदेल, जिला महामंत्री राजकुमार पठानिया,शाम मिन्हास, जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी, पूर्व जिला अध्यक्ष बलबीर बग्गा, पूर्व जिला,जिला उपाध्यक्ष बलराम बबलू,शुभ लता संतोष सैणी, नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी,सहित अन्य उपस्थित रहे।