उपचुनाव, लोकसभा में भाजपा की जीत तय

प्रत्याशी डाक्टर राजीव भारद्वाज ने विधायक पवन काजल से मुलाकात कर चुनावों के प्रचार-प्रसार पर बनाई रणनीति

जिला संवाददाता-कांगड़ा
कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डाक्टर राजीव भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व, विकास और ईमानदार प्रशासन जनता को मुहैया करवाने की गारंटी पर वह लोकसभा चुनाव में जनता से समर्थन मांगेंगे। उन्होंने कहा पार्टी हाईकमान ने एक छोटे से कार्यकर्ता पर लोकसभा चुनाव में पार्टी टिकट देकर जो विश्वास जताया है उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का वह प्रयास करेंगे। राजीव भारद्वाज पार्टी टिकट मिलने के बाद प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और कांगड़ा सदर के विधायक ओबीसी नेता पवन काजल से मिलने कांगड़ा पहुंचे। दोनों नेताओं ने मंत्रणा कर लोकसभा चुनाव प्रचार की रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की झूठी गारंटियों से जनता तंग आ चुकी है और आने वाले लोकसभा चुनाव में महिलाएं बेरोजगार और सरकारी कर्मचारियों ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार को सबक सिखाने का मन बना लिया है।

उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डाक्टर भारद्वाज को आश्वस्त किया कि लोकसभा चुनाव दौरान कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से पच्चीस हजार मतों की बढ़त उन्हें दिलाकर लोकसभा पहुंचाएंगे। काजल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में भी आने वाला कल भाजपा का है और साथ लगते धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव, सहित प्रदेश के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव में भी भाजपा रिकार्ड मतों से जीत हासिल कर कांग्रेस को सत्ता से मुक्त करेगी। इस मौके पर विधायक रणवीर निक्का, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे।