सीएम ने चौपाल में नहीं छोड़ी विकास की कमी

प्रेस वार्ता के दौरान बोले प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव रजनीश किमटा

निजी संवाददाता—चौपाल, नेरवा
जब-जब कांग्रेस की सरकार रही है, चौपाल विधानसभा क्षेत्र में विकास की गंगा बही है। पहले पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और अब सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यहां की जनता के दर्द और जरूरतों को समझते हुए चौपाल में विकास की गति को बरकारार रखा है, जबकि चौपाल के विधायक जनता को झूठ पर झूठ बोलकर मूर्ख बनाने की कोशिश कर रहे है। यह बात पूर्व विधानसभा चुनाव में चौपाल से कांग्रेस प्रत्याशी रहे प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने नेरवा में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने विधायक बलवीर सिंह वर्मा पर हमला करते हुए कहा कि बीती बरसात में चौपाल के लोगों पर भयंकर आपदा आई थी, ऐसे में विधायक कहीं भी लोगों के बीच नजर नहीं आए। चौपाल के लोगों का हितैषी होने का दम भरने वाले विधायक बताएं की वह आपदा के समय कहां थे। आज स्थिति यह है कि वह लोगों से नजरें नहीं मिला पा रहे है तथा अब अनाप शनाप बयानबाजी पर उतारू हो गए है।

नेरवा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा की घोषणाओं को भाजपा की घोषणाएं बताने के विधायक के ब्यान पर किमटा ने तंज कसते हुए उनसे सवाल किया है कि विधायक बताएं कि भाजपा ने कौन से मल्टी स्टोरी बस स्टैंड, नेरवा में दस करोड़ की लगत से बनने वाले स्पोट्र्स कांप्लेक्स, नेरवा और कुपवी में मिनी सचिवालय या फिर नेरवा में अग्निशमन केंद्र खोलने की घोषणाएं की थी, जबकि उन्होंने तो सारी हदें पार करते हुए नेरवा अस्पताल का झूठा उद्घाटन तक करवाकर यहां की जनता को ठगने का प्रयास किया है। उधर इसके विपरीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने नेरवा दौरे में जनता की वह आठ महत्त्वपूर्ण मांगे पूरी की है, जिनकी जनता पिछले कई सालों से मांग कर रही थी। महिलाओं के स्वावलंबन के लिए नेरवा में प्रदेश का प्रथम मिल्क चिलिंग प्लांट खुल रहा है। सीएम के नेरवा दौरे से चौपाल विधान सभा क्षेत्र की जनता गदगद है, क्योंकि उनकी सभी मांगों को सीएम ने गंभीरता से लिया है।