कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूंका केएल ठाकुर का पुतला

प्रदेश महासचिव हरदीप बावा ने विधायक पर लगाया कांग्रेस से विश्वासघात का आरोप

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ
राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग के बाद से मचे सियासी घमासान के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नालागढ़ के निर्दलीय विधायक केएल ठाकुर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हरदीप बावा ने विधायक के खिलाफ आयोजित प्रर्दशन के दौरान आरोप जड़ा की निर्दलीय विधायक ने प्रदेश सरकार द्वारा पूरा मान सम्मान दिए जाने के बाबजूद कांग्रेस सरकार के साथ-साथ नालागढ़ की जनता से विश्वासघात किया है। इस दौरान हरदीप बावा की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रर्दशन करते हुए विधायक का पुतला जलाया और जमकर नारेबाजी की। हरदीप बावा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि केएल ठाकुर को नालागढ़ की जनता ने विकास के लिए चुना था और कांग्रेस सरकार बनते ही सबसे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को केएल ठाकुर ने बधाई दी थी तथा कांग्रेस के सहयोगी सदस्य बन गए थे। हरदीप बावा ने कहा कि नालागढ़ क्षेत्र के विकास को रफ्तार मिले इसी वजह से मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकर्ताओं की बजाय निर्दलीय विधायक को प्राथमिकता दी, और विधायक के कहने से विकास के कार्य किए।

यही नहीं उन्होंने नगर परिषद में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बजाय विधायक के समर्थकों को मनोनीत किया लेकिन जब सरकार की परीक्षा की घड़ी आई तो सरकार और कांग्रेस पार्टी का साथ देने की बजाए, विश्वासघात करके भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट डाल दिया। उन्होंने आरोप जड़ते हुए कहा कि नालागढ़ के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है की यहां का कोई विधायक बिका है, और केएल ठाकुर ने बिकने का यह रिकॉर्ड अपने नाम करवा लिया है। इस अवसर पर हरदीप बाबा के अलावा मनोज वर्मा, नप अध्यक्ष अलका वर्मा, मनीष राजदेव, पार्षद महेश गौतम, पार्षद अमरिंदर भिंडर, ट्रक सोसाइटी केशियर इंदरजीत सिंह सोनू, उज्जगार चौधरी, परमजीत सिंह, महेंद्र सिंह, गुरदीप चौधरी, राकेश कुमार, प्रिंस शर्मा, सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।