देवेंद्र भुट्टो ने कांग्रेस पर लगाया कुटलैहड़ विधानसभा की अनदेखी का आरोप

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा उपचुनाव में भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी। यह दावा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र भुटटों ने किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी की है। 14 माह के शासन के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू एक बार भी कुटलैहड़ नहीं आए। कुटलैहड़ में विकास कार्यो के लिए कोई बजट उपलब्ध नहीं करवाया गया।

उन्होंने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा उपचुनावों के लिए पार्टी प्रत्याशी घोषित करने पर भाजपा हाईकमान व पार्टी के प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वह बिना किसी शर्त के भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन व दिशा-निर्देशों तथा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की जनता व कार्यकर्ताओं के सहयोग से उपचुनाव में भाजपा को जीत दिलाई जाएगी। वहीं प्रदेश में कांग्रेस की अलोकप्रिय सरकार को सत्ता से बाहर करने का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। देवेंद्र भुटटों ने कहा कि सुक्खू सरकार हिमाचल प्रदेश के इतिहास की सबसे अलोकप्रिय सरकार साबित हुई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की घोर अनदेखी की। विधानसभा क्षेत्र में पूर्व जयराम सरकार के समय खोले गए कार्यालयों को बंद कर दिया गया तथा उनके आग्रह के बावजूद उन्हें पुन: नहीं खोला। भुटटों ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू अपने विरोधियों के विरुद्ध दमनकारी नीति अपना रहे थे। कांग्रेस विधायकों के व्यवसायों को बंद कर दिया गया। विधायकों पर झूठे केस बना दिए गए। उनके परिजनों को तंग किया गया। इसी के चलते कांग्रेस टिकट पर जीतकर आए छह विधायकों ने पार्टी छोड़ दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कई और विधायक भी घुटन महसूस कर रहे है। भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र भुटटों ने कहा कि पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर कुटलैहड़ विस क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ नेता है। उन्हें विश्वास में लेकर उनके मार्गदर्शन में ही क्षेत्र में उपचुनाव लड़ा जाएगा व कांगे्रस पार्टी को करारी मात दी जाएगी।