देवेंद्र भुट्टो बोले, कांग्रेस ने दफ्तर बंद करने के सिवाय कुछ नहीं किया

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है तथा विधानसभा के उपचुनावों में यहां से एक बार फिर कमल का फूल खिलाकर भाजपा प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित बनाने के लिए कार्यकर्ता एकजुट हो जाए। यह आह्वान हिमाचल प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व ऊना सदर विस क्षेत्र से विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने जिला भाजपा कार्यालय ऊना में कुटलैहड़ विधानभा क्षेत्र के निचले क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान कहीं। सतपाल सत्ती ने कहा कि प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री से कोई आस नहीं है। जनता के काम करना मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की फितरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वोटों के चक्कर में कांग्रेस ने श्रीराम जी को भुला दिया। कांग्रेस मात्र वोट बैंक के लिए राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि पिछले 14 माह के कार्यकाल में सुक्खू सरकार विकास करवाने में नाकाम रही है। प्रदेश सरकार ने विकास को तरजीह न देते हुए सिर्फ सरकारी कार्यालयों को बंद करने का ही काम किया। सुक्खू सरकार ने प्रदेश की जनता को लुभावने सपने दिखाकर सत्ता हथियाई, लेकिन सत्ता पर काबिज होने के बाद कांग्रेस सरकार अपनी गारंटियां पूरी नहीं कर पाई।

आज चुनाव सिर पर आए तो आनन-फानन में सरकार ने 15 सौ रुपए देने के लिए घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कांग्रेस ने विधानसभा में कुछ ऐसी ही घोषणाएं की, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। सत्ती ने कहा कि देश में मोदी सरकार लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और प्रदेश में सभी चारों सीटें जीतेगी। ्रकुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि कांग्रेस सरकार सरकारी कार्यालय बंद करने के नाम से जानी जाएगी। प्रदेश सरकार का 14 माह के कार्यकाल में सरकारी कार्यालयों को बंद करने के अलावा कोई अन्य योगदान नहीं है। कांग्रेस सरकार ने कुटलैहड़ विस क्षेत्र में दर्जनों सरकारी कार्यालयों पर ताला जड़ दिया। बिजली डिविजन को बंद कर दिया गया। इसके लिए वह कई बार सीएम कार्यालय गए, लेकिन हर बार आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। कांग्रेस सरकार ने ऐसे लोगों को चेयरमैन व वाइस चेयरमैन बना दिया, जिनका पार्टी के लिए कोई योगदान नहीं था। देवेंद्र भुटटों ने कहा कि लोकसभा चुनाव लडऩे के लिए कांग्रेस के पास प्रत्याशी तक नहीं है।