असमंजस के चलते कांग्रेस ने बुलाया जनरल हाउस

गगरेट ब्लॉक कांग्रेस ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से धैर्य रखने का किया आह्वान

स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
विधायक चैतन्य शर्मा को दल-बदल कानून के तहत विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य करार देने के बाद विधानसभा क्षेत्र गगरेट में उत्पन्न हुई असमंजस की स्थिति के बीच ब्लॉक कांग्रेस गगरेट ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से धैर्य रखने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस लगातार कांग्रेस हाईकमान के संपर्क में है और हाईकमान के जो निर्देश होंगे, उनकी पालना की जाएगी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बुधवार को आगामी रणनीति तय करने के लिए होटल हैवन हाइट्स में ब्लॉक कांग्रेस का जनरल हाउस बुलाया गया है। उसमें अगली रणनीति तय की जाएगी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कंवर, महासचिव वेद पराशर, वरिष्ठ कांग्रेसी अश्विनी ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस सचिव रमन जसवाल, जिला पार्षद कुलदीप दीपा, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष सरदारी लाल, रंजीत सिंह ठाकुर, लंबडदार अनिल ठाकुर नीटू ने कहा कि प्रदेश सरकार के समक्ष अपने ही नेताओं के कारण जो स्थिति उत्पन्न हुई है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि किसी के बहकावे में न आएं। जो भी कांग्रेस हाईकमान तय करेगी, वह सर्वमान्य होगा। भाजपा द्वारा प्रदेश सरकार को अस्थिर करने के लिए चली गई कुटिल चाल से प्रदेश की जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। बेशक भाजपा ने प्रदेश सरकार को गिराने की चाल चली, लेकिन वह अपनी चाल में सफल नहीं हो पाई। भविष्य में भी भाजपा को ऐसे ही मुंह की खानी पड़ेगी। विधानसभा क्षेत्र गगरेट की जनता को घबराने की बिलकुल जरूरत नहीं है। विधानसभा क्षेत्र गगरेट के विकास कार्यों को किसी भी सूरत में ग्रहण नहीं लगने दिया जाएगा। आगामी रणनीति तय करने के लिए बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस द्वारा जनरल हाउस बुलाया गया है।