नेता प्रतिपक्ष ने वर्करों को पढ़ाया एकजुटता का पाठ

लाहुल के कार्यकर्ताओं से मिले पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, बोले-मार्कंडेय को साथ चलना चाहिए

कार्यालय संवाददाता-कुल्लू
विधानसभा उपचुनाव में लाहुल-स्पीति जिला से रवि ठाकुर को भाजपा का प्रत्याशी घोषित होने के बाद नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लाहुल के कार्यकर्ताओं से मंथन करने के लिए कुल्लू पहुंचे। काफी देर तक बुधवार को यहां नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए गांव-गांव जाने के लिए कहा। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमितति सदस्य एवं संगठनात्मक किन्नौर जिला प्रभारी जवाहर शर्मा ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर कुल्लू आए थे और उन्होंने भाजपा के लाहुल-स्पीति के कार्यकर्ताओं को उपचुनाव की चर्चा के लिए बुलाया। लाहुल की परिस्थितयों को देखते हुए भाजपा ने रवि ठाकुर को प्रत्याशी घोषित कर निर्णय लिया है, जोकि यह सही निर्णय है।

पार्टी हाईकमान ने समीकरणों के साथ यह निर्णय लिया है। इस पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सहमति जताई है। इस चर्चा के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष के समक्ष कुछ कमिटमेंट को रखा, जिसे उन्होंने ध्यान से सुना है और मान भी लिया है। उन्होंने कहा कि रवि ठाकुर ने राज्य सभा के चुनाव में भाजपा के समर्थन और लाहुल की विकास को लेकर वोटिंग की है। भाजपा के प्रत्याशी को जीताकर संसद में भेजा है। यह लाहुल के विकास के लिए अच्छा कदम रहा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सुझाव भी दिए हैं। वहीं, जवाहर शर्मा ने पूर्व मंत्री डा. राम लाल मार्कंडेय पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे भी तो जन्मजात कांग्रेसी थे। जब उन्हें भाजपा का टिकट मिला था तो लाहुल की जनता ने उन्हें जीताकर विधानसभा भेजा। अब पार्टी ने रवि ठाकुर को उपचुनाव में टिकट दिया है। अब भी कार्यकर्ता कमल फूल के साथ चलेंगे। सभी कार्यकर्ता पार्टी के साथ चलेंगे और भाजपा के प्रत्याशी को जीत दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि डा. राम लाल मार्कंडेय को भी पार्टी के साथ चलना चाहिए। क्योंकि भाजपा ने उन्हें भी कई बार टिकट दिया और विधायक बने। यही नहीं मंत्री बनाया। इस मौके पर लाहुल-स्पीति भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार, पूर्व केलांग मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत प्रकाश, अजीत कुमार जनजातीय मोर्चा प्रदेश सचिव, जिला परिषद पूर्व चेयरमैन राजीव शर्मा, संजीव, संजीव शौंडा, अशोक सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।