नए लुक में दिखेगा मकलोडगंज

पयर्टक नगरी में एक करोड़ की लागत से पूरे वार्ड की बदलेगी सूरत, चौक-चौराहों का होगा सौंदर्यीकरण

नगर संवाददाता- मकलोडगंज
नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर तीन पयर्टन नगरी मकलोडगंज में एक करोड़ की लागत से पूरे वार्ड की सूरत संवरेगी। इसके तहत पूरे वार्ड के विभिन्न चौक-चौराहों पर सार्वजनिक महत्त्व के स्थलों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। नगर निगम धर्मशाला की ओर से वार्षिक बजट के तहत सभी 17 वार्डों के पार्षदों को विकास कार्यों के लिए एक-एक करोड़ का बजट प्रदान किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकतर वार्डों ने विभिन्न कार्यों को किए जाने की रूपरेखा तैयार कर ली है। इसमें वार्ड नंबर तीन मकलोडगंज में पार्किंग, पार्क, शौचालय, सडक़ों व गलियों संग सेल्फी प्वाइंट बनाने पर फोकस किया जाएगा। एमसी धर्मशाला के वार्ड नंबर तीन मकलोडगंज के पार्षद ओंकार सिंह नेहरिया ने बताया कि इस कार्य पर नगर निगम की वार्ड को एक करोड़ रुपए की मिली स्वीकृति के आधार पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बजट के माध्यम से वार्ड में विकास कार्यों को रफ्तार तेज होगी।

पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए बनाया जाएगा सेल्फी प्वाइंट

नगर निगम धर्मशाला के पूर्व महापौर और वार्ड नंबर तीन के पार्षद ओंकार नेहरिया ने बताया कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अंतरास्ट्रीय पर्यटन नगरी मकलोडगंज और दलाईलामा मंदिर के समीप सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। जिस स्थान पर सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया जायेगा। वहां से बर्फ से ढके धौलाधार पहाड़ों के शानदार दृश्य बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगो के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। पार्षद ने बताया कि इस वार्ड को पर्यटन स्थल के तौर पर बढ़ावा देने के मकसद से सेल्फी प्वाइंट बनाया जायेगा। सेल्फी प्वाइंट बनाने के पीछे एक मुख्य मकसद यह है कि पर्यटक उस सेल्फी प्वाइंट पर जाकर फोटो खींच सकें और जब उस तस्वीर को अपने फेसबुक, ट्वीटर या इंस्टाग्राम पर अपलोड करेंगे, जिससे अंतरास्ट्रीय पर्यटन नगरी मकलोडगंज को पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा मिलेगा।

वार्ड में मिलेगी सुलभ शौचालय की सुविधा
नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर तीन के पार्षद ने बताया कि बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को स्मार्ट सुविधाएं मिलेंगी। पर्यटक नगरी मकलोडगंज में सुलभ शौचालय बनाया जाएगा। इन आधुनिक शौचालयों का लाभ पर्यटकों और स्थानीय लोगो को मिलेगा।

नगर निगम के वार्ड का होगा सौंदर्यीकरण
नगर निगम धर्मशाला के पूर्व महापौर और वार्ड नंबर तीन के पार्षद ओंकार नेहरिया ने बताया कि वार्ड का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस दौरान श्मशानघाटों के परिसरों में टाइल्स बिछाकर पक्का किया जाएगा। दीवारों की रंगाई-पुताई, बैठने के लिए बेंच, बिजली की व्यवस्था और मेन गेट के निर्माण करवाया जाएगा। साथ ही यहां पौधरोपण भी किया जाएगा।

बच्चों के लिए बनेगा पार्क
पर्यटन नगरी मकलोडगंज के समीप मिठ्ठे नाले और हीरू में बच्चों के खेलने और मनोरंजन के लिए पार्क बनाए जाएंगे। इसके साथ ही वार्ड में खराब रास्तों की मरम्मत करवाई जाएगी, कई जगह टाइलें भी लगाई जाएंगी। वार्ड में बच्चे मनोरंजन के लिए चिल्ड्रन पार्क और रेलिंग लगेंगी। इसके साथ ही बरसात के दौरान के क्षतिग्रस्त नालियों को ठीक किया जाएगा।