गगरेट में सियासी हलचल तेज..मिलेंगे नए पार्षद

दौलतपुर चौक को भी मिली हरी झंडी, कुलदीप कुमार की मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में लगी मुहर

स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
दल-बदल कानून के तहत विधानसभा क्षेत्र गगरेट के विधायक चैतन्य शर्मा को अयोग्य करार दिए जाने के बाद विधानसभा क्षेत्र गगरेट में मची अफरा-तफरी के बीच प्रदेश सरकार ने पिछले करीब सवा साल से रुकी हुई नगर पंचायत गगरेट व दौलतपुर चौक में मनोनीत पार्षदों की नियुक्तियों को हरी झंडी दे दी है। सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार के साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की हुई मंत्रणा के बाद ही इन नियुक्तियों के लिए प्रदेश सरकार ने कवायद तेज कर दी। राजनीतिक विशलेषक मान रहे हैं कि इन नियुक्तियों के जरिए मुख्यमंत्री ने यह संदेश देने का भी प्रयास किया है कि गगरेट को नया विधायक मिलने तक गगरेट की बागडोर कुलदीप कुमार के हाथ में रहेगी। प्रदेश में पैदा हुए राजनीतिक हालात के बीच सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी कुलदीप कुमार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के चार विधानसभा क्षेत्रों में उपजे नए राजनीतिक समीकरणों के चलते मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह से मंत्रणा करने शिमला में सचिवालय पहुंचे थे।

उनके साथ विधानसभा क्षेत्र गगरेट का एक प्रतिनिधिमंडल भी शिमला गया था। जिसमें वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राणा यशपाल, पूर्व जिला पार्षद अश्विनी ठाकुर, अजेश जसवाल, नम्बरदार अनिल ठाकुर, लवली सिंह, रंजीव कंवर सहित कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल थे। मुख्यमंत्री के साथ मंत्रणा में विधानसभा क्षेत्र गगरेट में विधायक चैतन्य शर्मा के पाला बदल लेने से पैदा हुए हालात पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के समक्ष ये भी मांग उठी कि गगरेट को नया विधायक मिलने तक गगरेट की कमान ऐसे सशक्त हाथों में रहे जो पार्टी को एकजुट रखने के साथ मजबूत रख सके। इसके बाद ही मुख्यमंत्री ने जिले की दो नगर पंचायतें गगरेट व दौलतपुर चौक में अब तक पार्षद मनोनीत न होने पर कुलदीप कुमार से इन नगर पंचायतों में तीन-तीन पार्षद मनोनीत करने के लिए नाम प्रस्तावित करने को कहा। उधर कुलदीप कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत गगरेट व दौलतपुर चौक से पार्षद मनोनीत करने के लिए नाम मांगे थे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ही प्रदेश सुरक्षित है और गगरेट के हितों की रक्षा करने में वह पूर्णतया
सक्षम हैं।

इन नामों पर लग सकती है मोहर

नगर पंचायत गगरेट से वार्ड नंबर चार से रीना, वार्ड नंबर दो से बिमला देवी, वार्ड नंबर तीन से महिंद्र सिंह व नगर पंचायत दौलतपुर चौक से कै. श्रीराम, कैलाश चंद व राजीव सिंह को पार्षद मनोनीत किया जा सकता है। इनके नामों पर विचार विमर्श चल रहा है।