कांग्रेस सरकार को गिराने की साजिश होगी नाकाम

ऊना। कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए भाजपा ने साजिश रची, लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो पाए। यह बात स्टेट प्लानिंग बोर्ड में उपाध्यक्ष एवं फतेहपुर से विधायक भवानी सिंह पठानिया ने मंगलवार को सर्किट हाऊस ऊना में पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं। राज्यसभा चुनाव में भी भाजपा ने धनबल का प्रयोग कर विधायकों की खरीद फरोख्त की। इसके बावजूद भाजपा संख्या बल नहीं जुटा पाई। उन्होंने कहा कि बागी हुए सभी छह विधायकों को अब अपने क्षेत्रों में आ जाना चाहिए और उपचुनाव के लिए जनता के बीच जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उपचुनाव में सभी छह विधायकों को जनता आईना दिखाएगी। उपचुनाव के परिणाम चौकानें वाले होंगे। भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरी तरह से स्थिर है। छह विधायकों के निष्कासन के बाद निर्दलियों को मिलाकर भी भाजपा बहुमत से कोसो दूर है। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ वोट करने वाले कांग्रेस के ही विधायकों के पीछे भाजपा खड़ी है। इस पूरे प्रकरण के बाद से लेकर अभी तक वकीलों से लेकर नेताओं तक सभी भाजपा के लोग इन छह विधायकों के साथ खड़े हैं। भाजपा इन विधायकों को बचाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है, जिससे यह स्पष्ट है कि भाजपा ने प्रदेश की सरकार को गिराने का प्रयास किया था लेकिन उसे मुंह की खानी पड़ी है।