राम सक्सेना को सर्वसम्मति से सौंपा अध्यक्ष का ओहदा

भारत विकास परिषद की राज्य कार्यकारिणी का चयन, अशोक टंडन को बने महासचिव

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
भारत विकास परिषद के राज्य इकाई के चुनाव में परवाणू के राम सक्सेना को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। बद्दी के एक निजी होटल में क्षेत्रीय संस्कार प्रमुख सोमनाथ की देखरेख में यह एक वर्षीय चुनाव हुए। अध्यक्ष के अलावा अशोक टंडन को महासचिव और नरेंद्र खट्टर को कोषाध्यक्ष चुना गया। चुने हुए पदाधिकारियों को कार्यकारिणी का गठन करने का अधिकार दिया गया। इसके बाद बद्दी इकाई के भी चुनाव हुए, जिसमें रमन कौशल को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। रमन कौशल का नाम अध्यक्ष पद के लिए पूर्व प्रधान नीरज कुमार ने रखा, जिस पर राकेश यादव ने समर्थन किया। किसी और का नाम न आने पर रमन कौशल को अध्यक्ष मनोनीत किया गया। राज्य कर्मचारी बीमा निगम से सेवाननिवृत हुए सहायक निदेशक देवव्रत यादव ने बद्दी शाखा का महासचिव व चक्रधर मिश्रा को कोषाध्यक्ष चुना गया। बद्दी शाखा का कार्यकारिणी का गठन करने के लिए तीनों पदाधिकारियों को पावर दी गई।

नव निर्वाचित अध्यक्ष रमन कौशल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य इकाई के साथ मिल कर समाज के उत्थान के लिए जो भी काम दिए जाएंगे उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। बद्दी में भारत विकास परिषद ने प्रयोगशाला चलाई है, जिसका विस्तारीकरण करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके अलावा सदस्य अभियान को तेज किया जाएगा। अभी तक बद्दी शाखा में 43 सदस्य है उन्हें बढ़ा कर सौ का आंकड़ा पार किया जाएगा। सेवानिवृत्त सहायक निदेशक देवव्रत यादव हमेशा समाज सेवा में अग्रणी रहते है और तीन साल पहले सेवानविृत्त होने के बाद उन्होंने पहली बार भारत विकास में जुडऩे की रूची दिखाई।