विकसित भारत पर काम कर रही भाजपा

लाहुल-स्पीति में कार्यकर्ताओं से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाक्टर राजीव बिंदल

जिला संवाददाता-केलांग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाक्टर राजीव बिंदल लाहुल-स्पीति के दौरे पर हैं। उन्होंने बुधवार को भाजपा के स्पीति मंडल की बैठक में भाग लिया। बिंदल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा की भारत ही नहीं अपितु अमेरिका समेत पूरा विश्व मानता है कि प्रधानमंत्री मोदी तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बनने जा रहे है। बिंदल ने कहा कि आज पूरे देश में फिर एक बार मोदी सरकार के नारे गूंज रहे हैं। आज विकसित भारत के संकल्प पर काम कर रही है। सभी मुश्किलों के बीच भारत आज असंभव कार्यों को भी संभव बना रहा है। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढऩे वाली आर्थिक शक्ति बन गया है। भारत के चंद्रयान ने चांद पर तिरंगा लहराया, जिससे पूरा देश गौरवान्वित हुआ। भारत में हुए जी-20 सम्मेलन ने पूरे विश्वपटल पर प्रशंसा हासिल की है।

बिंदल ने कहा कि विपक्ष की सरकारें संकट के समय दूसरे देशों से मदद मांगती थी, लेकिन कोरोना काल में भारत ने दूसरे देशों को वैक्सीन भेज कर सहायता की। भाजपा सरकार ने युद्धग्रस्त इलाकों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित रूप से निकालकर घर पहुंचाया है। आज समूचे विश्व में भारत का डंका बज रहा है और यह जनता के एक-एक वोट के कारण संभव हुआ है। भारत की इस निर्णायक और सशक्त सरकार का कारण जनता का एक-एक वोट है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना (पीएमजीएसवाई) के चरण तीन के तहत हिमाचल के सैकड़ों गांव सडक़ सुविधा से जुड़ेंगे। प्रदेश में 500 आबादी वाली तकरीबन सभी गांव सडक़ से जुड़ चुके हैं। अब सरकार 250 आबादी वाले गांवों को सडक़ सुविधा से जोड़ रही है। केंद्र ने हिमाचल को 237259 करोड़ की राशि जारी की थी। 2643 करोड़ की लागत से प्रदेश में 2682934 किलोमीटर सडक़ों का निर्माण चल रहा है। इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र बौद्ध समेत भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे