मस्जिदों में अता की आखिरी जुम्मे की नमाज

रमजान के चौथे शुक्रवार सिरमौर की सभी मस्जिदों में पूरा दिन लगी रही रौनक
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
रमजान के चौथे शुक्रवार जुम्मा को लेकर सिरमौर जिला की तमाम मस्जिदों में शुक्रवार को खूब रौनक रही। इस पवित्र रमजान महीने का शुक्रवार को आखिरी जुम्मा था। इस आखिरी जुमे की नमाज को पढऩे के लिए दूरदराज के क्षेत्र व नाहन शहर से लोग मस्जिद में आकर नमाज में शिरकत करने पहुंचे हुए थे। अंजुमन इस्लामिया नाहन के अध्यक्ष गुल मनवर बॉबी व उपाध्यक्ष कप्तान सलीम अहमद ने बताया कि नाहन शहर में छह मस्जिद हैं जिनमें शुक्रवार को जुमा की नमाज अता की गई। इस अवसर पर हर वर्ग के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुमे की नमाज में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इसे छोटी ईद भी कहा गया है। इस दौरान मस्जिदों के इमाम अपने मुल्क हुकूमत व आवाम की खैरियत के लिए दुआ करते हैं। इसे अलविदा जुम्मा भी कहा गया है।

यह रमजान माह को पूरा होना भी दर्शाता है। शुक्रवार को जहां गुन्नूघाट मस्जिद में मुस्लिम समाज की महिलाओं व लड़कियों ने सुबह 11 बजे अलविदा जुमा की नमाज अता की तो वहीं मुस्लिम समाज के पुरुष वर्ग ने नाहन शहर की सभी छह मस्जिदों में दोपहर एक बजे रमजान माह के अंतिम जुम्मा पर नमाज पढ़ी। इस अवसर पर एसडीएम नाहन सलीम आजम भी विशेष तौर पर अंजुमन इस्लामिया कच्चा टैंक मस्जिद में नमाज के लिए पहुंचे हुए थे। इस अवसर पर अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष गुल मनवर बॉबी, उपाध्यक्ष कप्तान सलीम अहमद ने कहा कि पवित्र महीने के आखिरी शुक्रवार का दिन इस्लाम में बड़ा महत्त्व रखता है।