प्रत्याशियों की लिस्ट तैयार, जल्द होगा नामों का ऐलान
डिप्टी सीएम मुकेश अग्रिहोत्री का दावा, लोकसभा की चारों सीटें जीतेगी कांग्रेस
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना
लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है। कांग्रेस जल्द अपने प्रत्याशियों का एलान करेगी। यह बात डिप्टी सीएम मुकेश अग्रिहोत्री ने लालसिंगी में आयोजित जिला कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि भाजपा ने सिर्फ अभी अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। भाजपा ने सोचना शुरू कर दिया है कि उन्होंने जंग जीत ली है, लेकिन भाजपा को असलियत कांग्रेस के टिकटों के ऐलान होने के बाद पता चलेगी। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि कांग्रेस लोकसभा की सभी चारों सीटें जीतेगी और नौ विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव में भी कांग्रेस को ही जीत मिलेगी।
उन्होंने सभी कांग्रेस पदाधिकारियों को लोकसभा चुनावों व गगरेट व कुटलैहड़ में हो रहे विधानसभा के उपचुनावों के लिए डट जाने बारे आह्वान किया। उन्होंने जयराम ठाकुर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कुछ लोगों के मन में सरकार बनाने की लालसा है। ये लोग जहां जा रहे हैं, वहां चार जून को हिमाचल में सरकार बनाने के दावे कर रहे है। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि अगर प्रदेश में नौ विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हो जाए, तो कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए सिर्फ एक सीट चाहिए, जबकि भाजपा को सरकार बनाने के लिए 10 सीटें चाहिए। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि सभी बागियों को टिकट देकर चुनाव लड़ाने से साबित हो गया है कि सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किसने किया है।
चुनावों के लिए तैयार हो जाएं कांग्रेस कार्यकर्ता
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने कहा कि आगामी चुनावों के लिए सभी कार्यकर्ता तैयार हो जाएं। लोकसभा व विधानसभा के उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत दिलाकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करें। इस अवसर पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, विवेक विक्कू, रंजीत राणा, वीरेंद्र धर्माणी, अविनाश कपिला, रविंद्र सहोड़, विनोद बिटटू, रामआसरा, प्रवीण दुआ, अशोक ठाकुर, पवन ठाकुर, सुमन ठाकुर, उर्मिला शर्मा, सीमा शर्मा, वरुण पुरी आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App