सोलन शहर में साढ़े सात करोड़ से बदली जाएगी पुरानी पाइप लाइन

गर्मियों में पानी की किल्लत से निपटने के लिए नगर निगम बनाई योजना

मोहिनी सूद-सोलन
शहर वासियों को गर्मियों में बेहतर सुविधा मिल सके, इसके लिए नगर निगम ने सोलन शहर की कई मुख्य पाइप लाइन को बदलने की योजना के लिए बकायदा डीपीआर भी तैयार कर दी है। यहां आबादी लगातार बढऩे से पानी की खपत भी रोजाना बढ़ती जा रही है। नगर निगम की के अनुसार सोलन में तकरीबन 90 लाख लीटर पानी की खपत रोजाना है। लिहाजा शहरवासियों को पानी की दिक्कत न हो, इसके लिए नगर निगम पाइप लाइन को चेंज करने के लिए प्रयासरत है। जानकारी के अनुसार सोलन शहर की मुख्य रूप से चार पाइपलाइन को बदला जाएगा। इसके लिए करीब सात करोड़ 59 लाख रुपए खर्च होंगे।

इसकी पूरी रूपरेखा बनाने के बाद जल शक्ति विभाग के पास पचास प्रतिशत पैसा भी जमा करवा दिया गया है। इसमें मुख्य टैंक से चौरी घाटी क्लब टैंक और यहां से जवाहर पार्क तक मेन लाइन को बदला जाएगा। इसके लिए लगभग 1.98 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। जबकि दूसरी लाइन मुख्य पेयजल टैंक से चामुंडा क्लोनी (कथेड़ टैंक) को बदला जाएगा। इसके लिए निगम करीब 2.95 करोड़ रुपए खर्च करेगा। वहीं तीसरी लाइन मेन टैंक से मोहन पार्क तक बदली जाएगी। इस योजना के लिए नगर निगम सोलन लगभग 2.34 करोड़ रुपए खर्चे करेगा। वहीं चार खंभा से राई हाउस तक मेन लाइन को चेंज किया जाएगा। इसके लिए निगम करीब 32 लाख रुपए खर्चेगा।