राहत…कैंची मोड़ से ट्रैफिक बहाल

नौ महीने के बाद चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाई-वे से गुजरेंगी गाडिय़ां, लंबे जाम से मिलेगी राहत

निजी संवाददाता-पंडोह
चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पंडोह डैम के पास कैंची मोड़ से हिमाचल दिवस को तरह बहाल हो गया है। कैंची मोड़ का निर्माण पूरा हो गया है। जिसके चलते उक्त मार्ग से करीब नौ बाद सभी वाहनों की आवाजाही शुरु हो पाई है। इससे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। वहीं कैंची मोड़ पर कार्य पूरा होने पर अब लंबे जाम से छूटकारा मिल गया है। हालांकि एक अप्रैल को कैंची मोड़ से वन वे ट्रैफिक शुरू किया गया था। क्योंकि क्रैश वायर व नालियों का कार्य शेष था। लेकिन उक्त कार्य को भी कंपनी द्वारा शनिवार को पूरा कर लिया गया था। कार्य पूरा होने के उपरांत हिमाचल दिवस के पावन अवसर पर इस सडक़ मार्ग को सभी वाहनों के लिए खोल दिया गया है। इस बारे में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने बताया कि सोमवार से चंडीगढ़ मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग का सबसे बड़ा अवरोधक समाप्त हुआ है। सभी प्रकार वाहनों के लिए यह कैंची मोड़ पुन: सुचारू हो सका है।

बता दें कि यह कैंची मोड़ 10 अगस्त, 2023 को भारी वर्षा के कारण पंडोह डैम की झील में समा गया था। जिसका निर्माण कार्य नौ माह में दिन रात कार्य करते हुए पूरा किया गया। इस निर्माण में लगभग एक करोड़ की लागत आई है। कैंची मोड़ शुरू होने से सभी वाहनों को चार किलोमीटर के अतिरिक्त वैकल्पिक सडक़ मार्ग से राहत मिली है। विशेषकर पर्यटकों को अब पंडोह डैम के साथ झील का सुंदर नजारा भी देखनें को मिलेगा। पुलिस जवानों ने भी दोनों नाके हटाते हुए राहत की सांस ली है। नाका हटाने के उपरांत सडक़ की दोनों तरफ लंबे जाम से भी छुटकारा मिल गया है। उक्त एनएच मार्ग से पूरा दिन गाडिय़ां बिना रूके चलती रहीं। मार्ग बहाल के उपरांत समस्त चालक उत्साहित दिखे। उन्होंने एनएचएआई व प्रशासन का मार्ग को बहाल करने पर आभार व्यक्त किया है।