मुबारिकपुर में विराजे श्रीराम, लगे जयकारे

इंडियन आइडल फेम नितिन कुमार के भजनों ने सबको नचाया, चैतन्य शर्मा के प्रयासों से 20 फीट ऊंची मूर्ति का किया प्राण प्रतिष्ठा समारोह

दिव्य हिमाचल टीम, मुबारिकपुर/दौलतपुर चौक
विस क्षेत्र गगरेट के मुबारिकपुर के हनुमान मंदिर में रामनवमीं के दिन बुधवार को पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रत्याशी चैतन्य शर्मा के प्रयासों से श्रीराम लीला कमेटी की अगुवाई में भगवान श्रीराम की विशाल मूर्ति की स्थापना की गई। भगवान श्रीराम की 20 फीट ऊंची विशालकाय मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रत्याशी चैतन्य शर्मा ने यजमान के रूप में शिरकत करते हुए वैदिक मंत्रोउच्चारण के साथ पूजा अर्चना करने के पश्चात इसका अनावरण किया। इससे पहले भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें प्रभु श्रीराम के रंग में रंगे बाइकर्स, बजरंग दल एवं रामलीला कमेटी के सदस्य, सनातन धर्म प्रेमी एवं धर्मानूरागी, भगवा पटका पहने महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के साथ-साथ प्रभु श्रीराम की झांकी सहसा ही आकर्षण का केंद्र बन रही थी। पंडाल में शोभायात्रा के पहुंचते ही उपस्थित जनसमूह ने पुष्पवर्षा और जय श्रीराम के उदघोषों के साथ स्वागत किया।

जिससे पूरे क्षेत्र में आस्था, अध्यात्म, श्रद्धा एवं उल्लास सा छा गया और भक्त झूमने लगे। उधर, हवन यज्ञ में पूर्णाहुति डालने के पश्चात जैसे ही चैतन्य शर्मा ने प्रभु श्रीराम की भव्य मूर्ति का अनावरण किया तो जय श्रीराम के उदघोष गुंजायमान होने लगे और हर कोई प्रभु श्रीराम की एक झलक पाने के लिए लालायित दिखा। प्रबंधक सर्वजीत सिंह ने बताया कि भगवान श्रीराम की 20 फीट ऊंची विशालकाय मूर्ति की विधिवत स्थापना की गई। जिसके लिए गगरेट के हरेक गांव के पवित्र स्थलों एवं मंदिरों से पावन मिट्टी को पहले ही इकठ्ठा किया जा चुका था। ताकि आम जनमानस अपने आपको गौरवांवित महसूस कर सके और इसी बात का नतीजा था कि क्षेत्र का घर-घर राममय हो गया। इंडियन आइडल फेम नितिन कुमार के भजनों पर खूब नाचे भक्त देश-विदेश में अपनी आवाज के जादू के दम पर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन कर चुके गगरेट विधानसभा क्षेत्र के सपूत इंडियन आइडल फेम नितिन कुमार ने मूर्ति अनावरण के बाद प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान करते हुए उपस्थित जनमानस को प्रभु श्रीराम के रंग में रंग दिया। आलम यह रहा कि बच्चे हो या बूढ़े, जवान हो या महिलाएं हर कोई उनके भजनों पर थिरकता नजर आया।