स्मार्ट सिटी बनाते-बनाते कंक्रीट का जंगल बनी राजधानी

शिमला शहर में धीमी गति से चल रहे कार्यों को लेकर लोग परेशान, साल दर साल आगे बढ़ रहा काम

पंकज चौहान—शिमला
राजधानी शिमला में स्मार्ट सिटी के का कार्य लोगों के लिए अब परेशानी ही बन गया है। शहरवासी भी अब प्रश्न करने लग गए हैं कि आखिरकार स्मार्ट सिटी का यह कार्य कब पूरे होंगे। हर साल प्रशासन कहना है कि स्मार्ट सिटी के कार्य इस साल पूरे होंगे। लेकिन कुछ न कुछ समस्या बताकर यह कार्य अगले साल में पूरा होने का दावा किया जाता है। शहर में स्मार्ट सिटी के कार्य लोगों की परेशानी का कारण बने हुए है। शहर के संजौली से आईजीएमसी की ओर फुटपाथ का कार्य हो रहा है। इस कार्य को करते करते करीब दो से तीन साल हो गए हैं, लेकिन अभी तक यह कार्य धरातल पर पूरा ही नहीं हो रहा है। यहां पर लोहे की रेलिंग और अन्य कार्य भी किए जा रहे हैं। यहां तक कि यहां पर स्टोर भी बनाया गया है। इसके कारण यहां की सडक़ पर सरिया, रेत, बजरी और अन्य निर्माण सामग्री पड़ी रहती है, जिसमें आए दिन लोगों के गिरने का खतरा बना रहता है। कई बार तो यहां पर लोग चोटिल भी हुए हैं। बावजूद इसके भी यहां का कार्य पूरा ही नहीं किया जा रहा है।

आए दिन यहां पर लोगों की गाडिय़ों पर सरिया लग रहा है और इससे टायर भी पेंचर हो रहे हैं। वहीं, शहर के बीचोंबीच लोअर बाजार से मिडल बाजार तक लिफ्ट का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य को भी करीब दो साल हो गए हैं। यह भी अभी तक पूरा नहीं हुआ है। कारोबारियों ने कई बार प्रदेश सरकार, स्मार्ट सिटी और नगर निगम से मुलाकात की और लिफ्ट का कार्य शीघ्रता से पूरा करने की मांग की। कारोबारियों का कहना था कि यहां पर जब से लिफ्ट का कार्य हो रहा है, उस समय से अब तक यहां पर जो कारोबारी कार्य कर रहे हैं, उनके कारोबार पर भी भारी नुकसान हो रहा है। यहां तक कि लोगों ने इस रास्ते से भी जाना छोड़ ही दिया है। —एचडीएम

स्मार्ट सिटी के कार्य विकास के लिए शुरू किए थे और अभी तक यह कार्य धीमी गति से ही चल रहे हैं। अब तो लोग भी इन कार्यों से परेशान हो गए हैं। स्मार्ट सिटी के कार्य पूरा होने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। हमारी नगर निगम, स्मार्ट सिटी और प्रदेश सरकार से मांग है कि इन कार्यों को शीघ्रता से पूरा किया जाए
आशा शर्मा, पार्षद, पटयोग वार्ड

संजौली से आईजीएमसी को फुटपाथ का निर्माण किया जा रहा है, जो पिछले कई सालों से चल रहा है और यह पूरा होने का नाम नहीं ले रहा है। इस कार्य की वजह से इस सडक़ पर चलना भी खतरों से भरा रहता है। यहां तक कि सडक़ पर टायरिंग करने के बाद भी यह सडक़ खस्ताहाल हो रही है। हमारी प्रदेश सरकार और स्मार्ट सिटी से मांग है कि इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए
ममता चंदेल, पार्षद, संजौली वार्ड