आपदा में भी राजनीति करने के अवसर ढूंढती रही भाजपा

By: May 4th, 2024 12:08 am

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का कटाक्ष, केंद्र सरकार से सहायता दिलाने में विपक्ष का योगदान जीरो

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — पांगी

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि गत वर्ष प्रदेश में बरपे प्राकृतिक आपदा के कहर के दौरान भाजपाई राजनीति करने के अवसर तलाशते रहे। आपदा प्रबंधन में सहयोग करने की बजाय विधानसभा सत्र बुलाने की आवाज उठाते रहे। केंद्र सरकार से भी आर्थिक मदद दिलवाने में भाजपा नेताओं ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसके विपरीत आपदा प्रबंधन में सहयोग के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बच्चों ने गुल्क से पैसे निकालकर सरकार को दिए। वह शुक्रवार को पांगी मुख्यालय किलाड में पार्टी प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस ने प्रदेश की सत्ता संभाली, तो आर्थिक खजाना खाली था। इसको भरने के लिए सरकार ने प्रभावी कदम उठाए। सबसे पहले चोर दरवाजे से जो पैसा बाहर जाता था, उसको बंद कर 22 करोड़ इकट्ठा किया, जिससे आपदा प्रभावितों की उदारता से मदद कर देश में एक मिसाल पेश की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें अभी तक आठ करोड़ रुपए की राशि बची हुई है।

इसे चार जून के बाद 18 वर्ष से अधिक की महिलाओं के खाते में हर माह पंद्रह सौ रुपए के रूप में डाला जाएगा। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बेहतर कार्य कर रही है। विकास कार्यों के कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा भाजपा ने एक अभिनेत्री को अपना प्रत्याशी बनाया, जिसको हिमाचल की भौगोलिक व आर्थिक स्थिति और संस्कृति का पता तक नहीं। वह देश के लिए कुर्बानी देने वाले वीरों का अपमान कर कह रही हंै कि असली आजादी 2014 को मिली है। उन्होंने कहा कि वह जनसभाओं में शहजादे शब्द का प्रयोग कर रही है। शायद उन्हें पता नहीं है कि शहजादे हिमाचल में नहीं, बल्कि अफगानिस्तान में रहते हें। इससे पहले मुख्यमंत्री का पांगी पहुंचने पर कांग्रेसी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर अमित भरमौरी भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App